Bihar News: बिहार के हाजीपुर में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा, 7 मजदूर घायल, 3 की हालत गंभीर

बिहार के हाजीपुर के लालगंज में निर्माणाधीन पुल का भारी लॉन्चर गिरने से 7 मजदूर घायल हो गए। तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Bihar News: बिहार के हाजीपुर से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। लालगंज प्रखंड के जलालपुर इलाके में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। बताया जा रहा है कि पुल निर्माण के दौरान भारी लॉन्चर गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

मजदूरों पर गिरा पुल का भारी लॉन्चर

यह पुल भारतमाला परियोजना के तहत NHAI के NH-139W फोर लेन पर बनाया जा रहा है। गुरुवार को निर्माण कार्य के दौरान अचानक पुल का भारी लॉन्चर नीचे गिर गया। इस दौरान कुछ मजदूर लोहे के स्ट्रक्चर में फंस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने मिलकर फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया। घायलों को लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।

7 मजदूर घायल, 3 की हालत गंभीर

हादसे में कुल 7 मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, काम के दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तो निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा हुआ मिला और कई मजदूर उसके नीचे या लोहे के स्ट्रक्चर में फंसे थे।

Bihar News: प्रशांत किशोर का बड़ा दावा, बांकीपुर के 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने की करेंगे कोशिश

ग्रामीणों ने कंपनी पर लगाए लापरवाही के आरोप

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कंपनी की ओर से मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सेफ्टी टूल उपलब्ध नहीं कराए गए थे। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होती तो हादसे को रोका जा सकता था।

फिलहाल प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर किस वजह से गिरा, इसकी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button