
Puducherry News: पुडुचेरी के एक निजी स्कूल से सामने आई एक घटना ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है। यहां 11वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया। मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब आरोपी छात्र के बैग की तलाशी में छह देसी बम बरामद हुए।
सोशल मीडिया विवाद बना हमले की वजह
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी छात्र अपने सहपाठी से नाराज था। बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्र ने कथित तौर पर एक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए उसका मजाक उड़ाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
गुरुवार को लंच ब्रेक के दौरान दोनों छात्रों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी छात्र ने चाकू निकालकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया। हमले में छात्र घायल हो गया, हालांकि मौके पर मौजूद अन्य छात्रों और शिक्षकों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
बैग की तलाशी में मिला खतरनाक सामान
घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने आरोपी छात्र का बैग चेक किया। तलाशी के दौरान बैग से छह देसी बम बरामद हुए। यह देखकर स्कूल प्रशासन के भी होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बमों को कब्जे में लिया और छात्र को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
आरोपी ने कबूला हमला
पुलिस जांच में आरोपी छात्र ने स्वीकार किया कि वह बदला लेने की नीयत से स्कूल आया था। उसने कथित तौर पर खुद देसी बम तैयार किए थे और चाकू भी खरीदा था। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
बाल सुधार गृह भेजा गया छात्र
आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया। बोर्ड के निर्देश पर फिलहाल उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र ने बम बनाने की सामग्री कहां से जुटाई।
स्कूल परिसर में चाकू और देसी बम जैसे खतरनाक सामान का पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह घटना सोशल मीडिया विवादों के बढ़ते दुष्प्रभाव और छात्रों में बढ़ती आक्रामकता को भी उजागर करती है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
written by Siddhi Srivastava



