
UPTET 2026 Result:उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया। विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत आयोजित परीक्षा में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक UPTET 2026 की लिखित परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई 2026 को एक पाली में आयोजित हुई थी। इस तरह परीक्षा कुल पांच पालियों में प्रदेश के 60 जनपदों के 955 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई गई। परीक्षा में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के कारण इसे तीन दिनों में पांच पालियों में कराया गया। परिणाम तैयार करने में विज्ञापन में पहले से निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन यानी नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया को अपनाया गया है।
प्राथमिक स्तर में 5.71 लाख अभ्यर्थी सफल
कक्षा 1 से 5 तक के प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी, यानी 80.07 प्रतिशत, सफल घोषित किए गए हैं।
वहीं, प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 शिक्षक (76.29 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुए हैं।
उच्च प्राथमिक स्तर में 7.59 लाख ने हासिल की सफलता
कक्षा 6 से 8 तक के उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी, यानी 71.85 प्रतिशत, सफल घोषित किए गए हैं।
उच्च प्राथमिक स्तर पर परीक्षा देने वाले 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 शिक्षक (77.45 प्रतिशत) सफल रहे।
निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराने का दावा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि आयोग ने 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों वाली इस बड़ी परीक्षा को निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि विज्ञापन में पहले से निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन प्रक्रिया के अनुरूप ही परिणाम तैयार किया गया है।
अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
Read Also-Prayagraj News-प्रेमी जोड़े को हाईकोर्ट ने दी सुरक्षा, विवाह पंजीकरण की भी दी हिदायत
रिपोर्ट: सत्येन्द्र कुमार मिश्र, चंदौली



