Lucknow News – उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनाएंगे: मल्लिकार्जुन खरगे

Lucknow News – SP-Congress alliance will form the government in Uttar Pradesh: Mallikarjun Kharge

Lucknow News – संविधान दिवस पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन के क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरूवार को लखनऊ पहुंचकर आन्दोलन का नेतृत्व किया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए 2027 में उत्तर प्रदेश से बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर के जरिए दलित-पिछड़ों के वोट काटने की साजिश भाजपा कर रही है। वो भूल गए हैं कि वोट जनता की ताकत है, किसी सरकार की जागीर नहीं। कुछ दिन पहले, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को अचानक समझ आया कि वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने खूब शोर मचाया कि हिंदुओं के वोट कट गए। हाँ, वोट काटे गए हैं – दलितों, अति पिछड़ों और वंचितों के वोट काटे हैं, जिन्होंने 2024 लोक सभा चुनाव में मोदी को यू0पी0 में हराया था। उत्तर प्रदेश के लोगों ने संविधान बदलने की कोशिश को रोक दिया था। अब यही लोग उत्तर प्रदेश की सरकार बदलकर काँग्रेस-सपा गठबंधन की सरकार बनाएँगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का अहंकार 2024 में उत्तर प्रदेश ने ही तोड़ा था। 2026 में एम0एल0सी0 चुनाव में मोदी जी के ही संसदीय क्षेत्र वाराणसी की दोनों सीटें भाजपा हार गई। मोदी ने अपनी नीतियों की विफलता खुद स्वीकार कर ली है। भाजपा अब चंद दिनों की मेहमान है। मोदी को समझ नहीं आ रहा कि देश कैसे चलाएं। अब तो मोदी जी खुद कह रहे हैं कि कंपनियां सिर्फ मुनाफा कमा रही हैं, वो ना रोजगार दे रहे हैं और ना ही निवेश कर रहे हैं। यह हम सालों से कहते आ रहे है, पर इन्होंने कभी हमारी बात नहीं मानी।

उन्होने कहा कि हमारे संविधान ने शुरू से ही दलितों, महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों को वोट का अधिकार दिया। जबकि कई शक्तिशाली देशों ने महिलाओं और कमजोर तबकों को कई वर्षों तक वोट नहीं करने दिया था।

श्री खरगे ने कहा कि आरएसएस इस संविधान के खिलाफ थी और अब भी है। इतिहास गवाह है कि जब से संविधान बना, आरएसएस के नेताओं ने इसका भारी विरोध किया। ये संविधान नहीं, मनुस्मृति लागू करना चाहते थे। खड़गे ने कहा कि

डबल इंजन सरकार रोजगार का हर रास्ता खत्म कर रही है। पहले उत्तर प्रदेश के ग्रामीण परिवारों के बच्चे फौज में सम्मान की पक्की नौकरी और पेंशन पाते थे। मोदी ने इसे अग्निवीर के नाम पर टेंपरोरी बना दिया। केवल 4 साल की नौकरी। अभी दो साल का एक्सटेंशन चुनाव के कारण दिया है। ये एक-एक करके रोजगार का हर रास्ता को बंद कर रहे हैं।

इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उ0प्र0 प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारतीय संविधान से डरती है। आने वाले 2027 के चुनाव में कांग्रेसजनों का जज्बा बता रहा है कि ये आपको उखाड़ फेंकेगे। कांग्रेस के लोग न डरते हैं, न झुकते हैं, लड़ते हैं। देश में नफरत के खिलाफ मोहब्बत के लिए कांग्रेस के बब्बर शेर जान की बाजी लगा देंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना ‘मिश्रा’ मोना विधायक ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज उ0प्र0 के लिए बड़ा दिन है, कांग्रेस के लिए बड़ा दिन है,लोकतंत्र और संविधान बचाने के संकल्प को मजबूत करना है। यह वही लड़ाई है जो देश की सड़कों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की अगुवाई करते हुए राहुल और प्रियंका ने लड़ाई लड़ी। राजीव गांधी के शरीर के टुकड़े हुए लेकिन देश की एकता अखण्डता के साथ कोई समझौता नहीं किया आज उसी देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए यह संघर्ष राहुल गांधी ,खरगे के मार्गदर्शन में कर रहे हैं।

इस मौके पर प्रमुख रूप से वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी एवं पूर्व सांसद पीएल पुनिया, अभा पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन डा. अनिल जयहिन्द, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पूर्व मंत्री, ब्रजलाल खाबरी एवं अजय कुमार लल्लू, के0एल0 शर्मा, सांसद इमरान मसूद, अ0भा0 कांग्रेस कमेटी की सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य सुप्रिया श्रीनेत, सांसद तनुज पुनिया सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Read Also-Business News-वॉलमार्ट पर हॉलिडे गिफ्टिंग, होम एंड लाइफस्टाइल ऑफरिंग्स का हिस्सा बने भारतीय उत्पाद

Show More

Related Articles

Back to top button