
Pratapgarh News-बरावफात के अवसर पर ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जुलूसे मोहम्मदी को लेकर अकीदतमंदों में उत्साह का माहौल रहा। लालगंज टाउन एरिया में गाजे-बाजे के साथ निकले जुलूस में लोगों ने मुल्क में अमन, मोहब्बत और भाईचारे के लिए दुआ की। जुलूस में बड़ी संख्या में बुजुर्गों के साथ युवाओं और बच्चों की भी भागीदारी रही।
हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के अवसर पर खानापट्टी स्थित मदरसा दारुल उलूम बाबुननबी से जश्नी जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। डीजे की धुन पर युवाओं में उत्साह देखने को मिला। जुलूस की अगुवाई हजरत मौलाना रहमानी मियां ने की।
जुलूस घुइसरनाथ रोड होते हुए चौक, तहसील और कालाकांकर रोड से संगम चौराहे पहुंचा और वहां से वापस मदरसा पहुंचकर समाप्त हुआ। वहीं, लालगंज बाजार में भी बरावफात का जुलूस शानो-शौकत के साथ निकाला गया।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल मुस्तैद रहा। एसडीएम वाचस्पति सिंह, सीओ राजीव द्विवेदी और लालगंज कोतवाल आलोक कुमार पुलिस फोर्स के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
नगर पंचायत की चेयरपर्सन अनीता द्विवेदी के निर्देश पर ईओ इंद्र प्रताप की अगुवाई में कार्यदायी संस्था द्वारा जुलूस के मार्गों पर साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए थे।
क्षेत्र के रामपुर बावली, जलेसरगंज बाजार, रानीगंज कैथौला, सगरा सुंदरपुर, डीहमंेहदी, दीवानगंज, भैंसना, अठेहा, सेमरा, कुम्भीआइमा और नसीरपुर सहित अन्य इलाकों में भी बरावफात का जुलूस धूमधाम से निकाला गया।
Read Also-Pratapgarh News-अजगरा महान को लेकर परिचर्चा में नैतिक मूल्यों पर दिया गया जोर
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



