
Amethi News:जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान बुधवार को बाजार शुकुल कस्बे में जुलूस के मार्ग को लेकर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई। जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने रामलीला मैदान से होकर जाने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और जुलूस को निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ाया।
मदरसा अशरफुल उलूम चिश्तिया के हाफिज सुहेल खां के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। जुलूस मदरसा परिसर से निकलकर थाना के सामने वाली सड़क, कटरा चौराहा और अरही नाला के पास से होकर आगे बढ़ रहा था।
थाना मुख्यालय के आगे पहुंचने पर कुछ लोगों ने रामलीला मैदान से जुलूस निकालने की मांग की। उनका कहना था कि पूर्व में जुलूस इस रास्ते से जाता रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले प्रशासनिक अधिकारियों और रामलीला समिति से जुड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी में जुलूस को रामलीला मैदान से न ले जाने को लेकर सहमति बनी थी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस निरीक्षक गुलाब सिंह सहित पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की। काफी समझाइश के बाद जुलूस को पूर्व निर्धारित मार्ग की ओर रवाना किया गया। इस दौरान कुछ लोग नारेबाजी करते हुए रामलीला मैदान की तरफ चले गए।
स्थानीय निवासी राम फेर यादव, अमित यादव, दुर्गा प्रसाद दुबे, राजेश मौर्या और भवानी प्रसाद पाल आदि ने बताया कि उन्होंने पिछले कई वर्षों में रामलीला मैदान से होकर किसी जुलूस को गुजरते नहीं देखा है।
पुलिस की सतर्कता और मौके पर की गई समझाइश से स्थिति को संभाल लिया गया। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौजूद रहा।
Read Also-Bollywood News: अनन्या पांडे-वॉकर ब्लैंको का टूटा रिश्ता, आपसी सहमति से लिया फैसला



