
Uttar Pradesh Politics: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी ही पार्टी के सांसद इमरान मसूद को नसीहत दी है। लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में संविधान दिवस के कार्यक्रम के दौरान खरगे ने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टीवी पर बोलते सुनते हैं, लेकिन उन्हें बोलने से ज्यादा काम करने की जरूरत है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इमरान मसूद पार्टी के लिए संघर्ष करते हैं और अपनी बात मनवाने के लिए लड़ते भी हैं।
खरगे ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश देते हुए कहा कि सभी मिलकर काम करेंगे तो जीत निश्चित रूप से मिलेगी। आपसी मतभेद और लड़ाई से किसी को फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मजबूत रहेगी और कभी खत्म नहीं होगी। खरगे ने यह भी कहा कि अब पार्टी में ऐसा नेतृत्व है जो किसी से डरता नहीं है और न ही किसी के दबाव में आता है।
सपा के साथ सीट बंटवारे पर नाराजगी जता रहे इमरान
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद पिछले कुछ समय से समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर लगातार अपनी बात रख रहे हैं। वह यूपी में कांग्रेस को कम सीटें दिए जाने और उनके प्रभाव वाले क्षेत्र में सपा की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने से नाराज बताए जा रहे हैं।
बुधवार को एबीपी न्यूज के कार्यक्रम ‘शिखर सम्मेलन’ में इमरान मसूद ने गठबंधन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि गठबंधन में एक मर्यादा और गरिमा होनी चाहिए। जब दोनों दलों के नेता बैठक में बातचीत कर रहे हों, उसी दौरान सपा की उम्मीदवारों की सूची मीडिया के माध्यम से सामने आना उचित नहीं है।
26 सीटों के प्रस्ताव पर भी जताई थी आपत्ति
इमरान मसूद ने सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने के प्रस्ताव पर कहा था कि उनकी पार्टी ने इसे स्वीकार नहीं किया था। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि गठबंधन के बाद सपा ने उत्तर प्रदेश में 37 सीटें जीती थीं। उनके मुताबिक, भारत जोड़ो यात्रा के बाद देश में राहुल गांधी को भाजपा के खिलाफ प्रमुख राजनीतिक आवाज के रूप में देखा गया।
उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी सीटों के बंटवारे में एक दल को कम सीटें मिली थीं। मसूद ने तंज कसते हुए कहा कि यदि सपा को अपनी ओर से ही उम्मीदवारों की सूची जारी करनी है तो वह सभी 403 विधानसभा सीटों पर सूची जारी कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन को लेकर आगे की बैठक कब होगी, यह पार्टी नेतृत्व तय करेगा। उनके अनुसार गठबंधन में दोनों पक्षों के बीच सहयोग और बातचीत में गंभीरता जरूरी है।
सपा सांसद राजीव राय ने दिया जवाब
इमरान मसूद के लगातार आ रहे बयानों पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि उसके नेता इस तरह के बयान क्यों दे रहे हैं। राजीव राय ने कहा कि सपा अपना घोषणापत्र जारी कर रही है, लेकिन कांग्रेस की ओर से उस पर भी आपत्ति जताई जा रही है।
राजीव राय ने कहा कि यदि कोई दल 2017 में मिली सीटों के आधार पर ही अब भी उतनी सीटें मांगता है तो उसे उस चुनाव के नतीजों से भी सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व समझदार है और उनका साझा लक्ष्य भाजपा को हराना है। राजीव राय ने सलाह दी कि गठबंधन से जुड़े मुद्दों पर बार-बार मीडिया में बयान देने के बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए, क्योंकि इस तरह की बयानबाजी से भाजपा को फायदा पहुंच सकता है।
written by Siddhi Srivastava



