UP News: सपा व कांग्रेस ने पिछड़े वर्गों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया : अमरपाल मौर्य

UP News: SP and Congress used backward classes as a vote bank: Amarpal Maurya

UP News:भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने बुधवार को विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने का संकल्प लेकर काम करने वाला संगठन है।

अमरपाल मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन दलों ने पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए कोई ठोस और स्थायी कार्य नहीं किया। इन दलों ने पिछड़े वर्गों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा ने उन्हें सम्मान, अवसर और भागीदारी देने का काम किया है।

अमरपाल मौर्य ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। भाजपा सरकार में पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देना, शिक्षा और रोजगार में अवसरों का विस्तार करना, गरीब परिवारों को आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस, आयुष्मान भारत, नल से जल तथा जनधन जैसी योजनाओं से जोड़ना सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य हुआ है। आज पिछड़ा वर्ग भाजपा को अपना स्वाभाविक राजनीतिक साथी मानता है। मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत करेगा और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। पिछड़ा वर्ग मोर्चा गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर समाज के प्रत्येक वर्ग को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमरपाल मौर्य के मार्गदर्शन में मोर्चा और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनेगा। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ऊर्जा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में जुटना होगा।

अमरपाल मौर्य का लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य के प्रथम लखनऊ आगमन पर बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। चारबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और नारों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल सहित मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वागत के पश्चात अमरपाल मौर्य ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। तत्पश्चात् विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह में अमरपाल मौर्य का प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया।

Read Also-Amethi News: बाजार शुकुल में जुलूस-ए-मोहम्मदी के मार्ग को लेकर पुलिस की मशक्कत, समझाइश के बाद तय रास्ते से निकला जुलूस

Show More

Related Articles

Back to top button