
UP News:विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोरारीकला स्थित गौशाला का शुक्रवार दोपहर एडीओ पंचायत संदीप मिश्रा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में हरे चारे के साथ पर्याप्त भूसे और पानी की व्यवस्था संतोषजनक मिली। हालांकि, साफ-सफाई में अव्यवस्था पाए जाने पर एडीओ पंचायत ने जिम्मेदारों और केयरटेकरों को व्यवस्था तत्काल सुधारने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीओ पंचायत ने गौशाला में संरक्षित पशुओं की स्थिति का जायजा लिया और उनकी देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तेज धूप और गर्मी को देखते हुए पशुओं को टीनशेड के नीचे रखा जाए तथा उन्हें अनावश्यक रूप से खुले में न छोड़ा जाए। इसके साथ ही चारे और पानी की पर्याप्त उपलब्धता समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौशाला के आसपास मृत मवेशी फेंकने की ग्रामीणों ने बताई समस्या
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने एडीओ पंचायत को एक अन्य समस्या से भी अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के कुछ लोग मृत मवेशियों को गौशाला के आसपास फेंक देते हैं, जिससे वहां गंदगी फैलती है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बाद में इन्हीं मृत पशुओं को गौशाला में संरक्षित मवेशियों का बताकर आरोप लगाए जाते हैं, जबकि वे गौशाला के पशु नहीं होते।
पशुओं की देखभाल में लापरवाही न बरतने के निर्देश
एडीओ पंचायत ने गौशाला परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और संरक्षित पशुओं की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने चारा-पानी की उपलब्धता, स्वच्छता और गर्मी से पशुओं के बचाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष अवस्थी भी मौजूद रहे।
Read Also-Pryagraj News: पीएम मोदी के नेतृत्व में सशक्त, समृद्ध और खुशहाल भारत का सपना हो रहा साकार : नन्दी



