
Prayagraj News:विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहीद उद्यान (कंपनी गार्डेन) में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारत विभाजन की त्रासदी से जुड़ी अभिलेख प्रदर्शनी लगाई गई और संबंधित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना सहित जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों, छात्र-छात्राओं और आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर विभाजन के प्रत्यक्षदर्शी मंजीत सिंह छाबड़ा, मंजीत सिंह गोविन्द, भवनजीत कौर और सतनाम कौर को पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने कहा कि भारत विभाजन देश के इतिहास की एक बेहद पीड़ादायक घटना थी। विभाजन के दौरान नफरत और हिंसा के कारण लाखों लोगों को अपना घर छोड़कर पलायन करना पड़ा और अनेक लोगों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी अभूतपूर्व मानव विस्थापन और मजबूरी में हुए पलायन की दर्दनाक कहानी है।
उन्होंने कहा कि विभाजन की इस त्रासदी और उसके दुष्परिणामों से वर्तमान पीढ़ी को परिचित कराना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इतिहास के इस काले अध्याय को समझ सकें और सामाजिक एकता एवं सद्भाव के महत्व को महसूस कर सकें।
विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि देश के बंटवारे का दर्द कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने विभाजन से जुड़े अनुभवों और इतिहास को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, एमएलसी प्रतिनिधि राय साहब सिंह, राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट राकेश सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह ‘नंदन’, जिला महामंत्री राजेश मिश्र ‘राजन’ सहित अन्य पदाधिकारियों और विभाजन के प्रत्यक्षदर्शियों ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के बाद पूर्व सांसद विनोद सोनकर, विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित पार्टी पदाधिकारियों ने शहीद उद्यान से ट्रेजरी चौराहा स्थित पंडित मुनीश्वर दत्त उपाध्याय की प्रतिमा तक मौन जुलूस निकाला।
Read Also-Pratapgarh News: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शहीद उद्यान में लगी अभिलेख प्रदर्शनी



