Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में भव्यता और उत्साह के साथ मनेगा 80वां स्वतंत्रता दिवस : डीएम

Pratapgarh News: 80th Independence Day to be celebrated with grandeur and enthusiasm in Pratapgarh: DM

Pratapgarh News:जनपद में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी कर आयोजन को भव्य एवं गरिमापूर्ण बनाने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत सुबह 7 बजे से 7:30 बजे तक स्टेडियम में आयोजित होने वाली 5000 मीटर क्रॉस कंट्री रेस से होगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को स्टेडियम में सम्मानित किया जाएगा।

इसके बाद सुबह 8 बजे जनपद के सभी शासकीय एवं गैर-शासकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। ध्वजारोहण के दौरान तिरंगे में गुलाब की पंखुड़ियां बांधी जाएंगी और झंडा अभिवादन के समय राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन होगा। कलेक्ट्रेट परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित करने के साथ ही वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

इसी क्रम में ग्राम कहला, रूरे और कालाकांकर स्थित शहीद स्मारकों पर संबंधित उपजिलाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण एवं वृक्षारोपण कराया जाएगा।

सुबह 9:30 बजे तुलसीसदन (हादीहाल) में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके बाद 10:30 बजे जिला अस्पताल में गरीब, बीमार बच्चों और महिलाओं को प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज द्वारा फल वितरित किए जाएंगे। सुबह 11 बजे जिला कारागार में बच्चों एवं बीमार बंदियों को फल वितरित किए जाएंगे।

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखला में शाम 4 बजे तुलसीसदन (हादीहाल) में विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। गोष्ठी में स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रप्रेम तथा देश के विकास में नागरिकों की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रमों को निर्धारित समय पर व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने और स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा है।

Read Also-Bollywood News: गीतू मोहनदास की वजह से बदला यश का अंदाज, ‘टॉक्सिक’ को लेकर अभिनेता ने खोला राज

रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button