CM Yogi Tiranga Yatra: ‘भारत में रहेंगे तो भारत के प्रतीकों का सम्मान करना होगा’, योगी का लाउड एंड क्लियर संदेश

लखनऊ में तिरंगा यात्रा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सम्मान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के प्रतीकों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

CM Yogi Tiranga Yatra: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास से विधान भवन तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में प्रदेशवासियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गान के साथ लोगों को राष्ट्र प्रथम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाला हर व्यक्ति देश के राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश में रहकर भारत के प्रतीकों और महापुरुषों का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।

‘भारत में रहेंगे तो भारत के प्रतीकों का सम्मान करना होगा’

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सर्वोच्च सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

योगी ने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा नहीं हो सकता कि कोई भारत में रहे, लेकिन भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान करे।

‘राष्ट्र प्रथम’ का मंत्र युवाओं के लिए प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में इसके सामूहिक गायन के कार्यक्रम हो रहे हैं। उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन का भी जिक्र किया और स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों को याद किया।

योगी ने कहा कि रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां जैसे क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके बलिदान को याद करना और उनसे प्रेरणा लेना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

तिरंगा यात्रा में हजारों युवाओं की भागीदारी

लखनऊ में आयोजित तिरंगा यात्रा में करीब 25 से 30 हजार युवाओं के शामिल होने का दावा किया गया। युवाओं की बड़ी संख्या देखकर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि युवा देश की ऊर्जा और प्रतिभा का प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज की चुनौतियों के लिए भी तैयार होना चाहिए।

PM Modi CM Yogi Meeting: PM Modi से मिले CM Yogi, यूपी चुनाव से पहले मुलाकात के सियासी मायने

हर घर तिरंगा फहराने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस से पहले अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है और हर भारतीय को इसके प्रति सम्मान का भाव रखना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगे को घर पर फहराने के नियमों में बदलाव के बाद आम नागरिकों के लिए अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना आसान हुआ है। उन्होंने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

देशभक्ति और अनुशासन का दिखा संगम

तिरंगा यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा रास्ता गूंजता रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर विधान भवन तक पहुंची।

विधान भवन के सामने मुख्यमंत्री ने गुब्बारे उड़ाकर यात्रा का समापन किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और आम लोगों की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

Show More

Related Articles

Back to top button