
JPSC Protest: झारखंड में JPSC परीक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। रांची में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से परीक्षा प्रक्रिया में सुधार और कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच छात्रों के आंदोलन के 16वें दिन सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि झारखंड सरकार 14वीं JPSC PT परीक्षा को रद्द करने पर विचार कर सकती है। हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, छात्रों के लगातार जारी विरोध को देखते हुए सरकार परीक्षा प्रक्रिया को लेकर बड़ा कदम उठा सकती है। 14वीं JPSC PT के अलावा कुछ अन्य प्रक्रियाधीन परीक्षाओं को लेकर भी सरकार स्तर पर मंथन किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। ऐसे में अब अभ्यर्थियों की नजर सरकार के आधिकारिक फैसले पर टिकी हुई है।
छात्रों से बातचीत के बाद बढ़ी उम्मीद
JPSC विवाद को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों से सरकार के प्रतिनिधियों ने बातचीत की है। मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने छात्रों की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही इस मामले का समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।
छात्रों की प्रमुख मांग परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को दूर करने के लिए पूरी प्रक्रिया में सुधार जरूरी है।
जांच के तरीके पर भी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, JPSC विवाद की जांच को लेकर भी सरकार के स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है। जहां कुछ लोग CID या CBI जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं अब न्यायिक जांच के विकल्प पर भी सहमति बनाने की कोशिश की जा सकती है।
हालांकि, जांच किस एजेंसी या माध्यम से होगी, इसे लेकर अभी अंतिम फैसला सामने नहीं आया है। सरकार के आधिकारिक निर्णय के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
ABVP ने किया मुख्यमंत्री आवास घेरने का प्रयास
छात्र आंदोलन के बीच शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। बैरिकेड तोड़ने की कोशिश के बाद पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं में ABVP के झारखंड-बिहार क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, झारखंड के प्रांत संगठन मंत्री पशुपतिनाथ उपमन्यु और प्रकाश टुटी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। बाद में सभी को शाम के समय छोड़ दिया गया।
JPSC Protest: ‘CM का सकारात्मक जवाब आएगा…’, सुदिव्य कुमार ने छात्रों से की दूसरे दौर की वार्ता
अलग-अलग संगठन, लेकिन मांग एक
रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में अलग-अलग छात्र संगठनों के पंडाल लगे हैं। पीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच और आइसा समेत कई संगठन परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। संगठनों के पंडाल भले अलग हों, लेकिन उनकी मुख्य मांग एक ही है—झारखंड की प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
इस आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है। शनिवार को अभिनेता और गीतकार पीयूष मिश्रा भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और छात्रों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या सरकार 14वीं JPSC PT परीक्षा रद्द करने का फैसला लेती है या फिर कोई दूसरा रास्ता निकालती है। फिलहाल यह जानकारी सूत्रों के हवाले से है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।



