
Pratapgarh News:मान्धाता थाना क्षेत्र के खुशहालगंज बाजार से शनिवार को भगवान शिव के भक्तों का कांवड़ियों का जत्था प्रयागराज से गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ। यात्रा के दौरान ‘बोल बम’ और ‘बाबा एक सहारा है’ के जयघोष से पूरा माहौल शिवमय हो गया।
पनियारी ग्रामसभा समेत आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। बच्चों और महिलाओं ने भी उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। डीजे की धुन पर भक्त नाचते-गाते और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। श्रद्धालु प्रयागराज से जल लेकर खुशलेश्वर नाथ धाम पहुंचेंगे, जहां बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर मान्धाता थानाध्यक्ष धनंजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस टीम ने यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा।
कांवड़ियों के जत्थे को रवाना करने से पहले स्थानीय बाजारवासियों और गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और उनकी यात्रा मंगलमय होने की कामना की। लोगों ने कांवड़ियों से अपने तथा अपने परिवार के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करने की अपील भी की। श्रद्धालुओं ने सभी के कल्याण की कामना करते हुए यात्रा जारी रखने का संकल्प लिया।
कांवड़िया संघ के अध्यक्ष कुलभूषण सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, महादेव ग्रुप के आशीष सिंह और काका फौजी ने हरी झंडी दिखाकर कांवड़ियों के जत्थे को रवाना किया।
इस अवसर पर दिनेश दुबे, अनिल सिंह, जटा दुबे, प्रधान प्रतिनिधि आलोक सिंह, हरिनाथ सिंह, सुनील सिंह, आशीष सिंह ठेकेदार, संतोष सिंह पप्पे, शक्ति दुबे, ज्ञान सिंह, सूर्यबली, छोटे बाबू चौहान, संगम, मुन्ना कोटेदार, मुकेश दुबे, आशुतोष बाबा, प्रिंस सिंह, आलोक दुबे, आशीष दुबे, आशुतोष दुबे, शिवकुमार सिंह, संदीप दुबे, राजू सिंह, संदीप मौर्य, युवराज मौर्य, मुकेश कुमार, हीरा सिंह, सुनील डांसर समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कांवड़ संघ में क्षेत्र के कई गांवों के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ भक्त मानव कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए यात्रा पर रवाना हुए।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



