Sonbhadra News: तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला का सोनभद्र दौरा, श्रद्धांजलि सभा में हुए शामिल

Sonbhadra News: Telangana Governor Shiv Pratap Shukla visits Sonbhadra; attends a tribute meeting.

Sonbhadra News:तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला शनिवार को सोनभद्र पहुंचे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने जिले में विभिन्न स्थानों का दौरा किया। जनपद पहुंचने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उनका स्वागत किया।

राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

तेन्दू गांव में पहुंचे राज्यपाल

सोनभद्र पहुंचने के बाद राज्यपाल सबसे पहले रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट तेन्दू पहुंचे। यहां उन्होंने रमेश मिश्रा के आवास पर मुलाकात की। इसके बाद राज्यपाल डाला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट गेस्ट हाउस गए, जहां कुछ समय विश्राम किया।

स्व. जय प्रकाश चतुर्वेदी की श्रद्धांजलि सभा में दी श्रद्धांजलि

इसके बाद शिव प्रताप शुक्ला कोन क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट चाचीकला पहुंचे। यहां रमेश चन्द्र चतुर्वेदी के आवास पर पूर्व संगठन मंत्री एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सदस्य स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी की श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

राज्यपाल ने कार्यक्रम में पहुंचकर स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कैथी मारकण्डेय महादेव मंदिर में किया दर्शन-पूजन

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद राज्यपाल रॉबर्ट्सगंज स्थित कैथी मारकण्डेय महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद राज्यपाल रॉबर्ट्सगंज स्थित सर्किट हाउस पहुंचे। यहां कुछ समय विश्राम करने के बाद वह अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वाराणसी के लिए रवाना हो गए।

प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

राज्यपाल के सोनभद्र भ्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए थे। निर्धारित कार्यक्रम के सभी स्थलों पर अधिकारियों की मौजूदगी रही और राज्यपाल के प्रस्थान तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

Read Also-Prayagraj News: छात्रों के बीच पहुंचे राहुल गांधी, भर्ती-रोजगार से लेकर यूनिवर्सिटी की समस्याओं तक उठे सवाल

रिपोर्ट: अमित मिश्रा, सोनभद्र

Show More

Related Articles

Back to top button