Rahul Gandhi Prayagraj Visit: प्रयागराज पहुंचे राहुल गांधी, छात्रों के बीच करेंगे ‘छात्रों की गूंज’; पेपर लीक और भर्तियों पर सरकार से सवाल

राहुल गांधी प्रयागराज पहुंच गए हैं। केपी इंटर कॉलेज मैदान में छात्रों के साथ ढाई घंटे तक संवाद करेंगे। पेपर लीक, लंबित भर्तियों और रोजगार के मुद्दे पर चर्चा की संभावना है।

Rahul Gandhi Prayagraj Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक और लंबित सरकारी भर्तियों को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों के बीच लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है। राहुल गांधी यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होकर छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और उनके मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल खड़े कर सकते हैं।

राहुल गांधी दोपहर करीब 2:20 बजे निजी विमान से प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे। उनके पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 3:15 बजे के आसपास बताया गया था, लेकिन वह तय समय से पहले ही शहर पहुंच गए। एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी सीधे अपने पैतृक निवास आनंद भवन परिसर स्थित स्वराज भवन के लिए रवाना हो गए।

प्रयागराज एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के स्वागत के लिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना सहित अन्य नेता शामिल थे। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया और इसके बाद उनका काफिला स्वराज भवन के लिए रवाना हुआ।

स्वराज भवन पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी कुछ समय तक उनके साथ रहे। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी यहां पार्टी नेताओं के साथ उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं। हालांकि उनके कार्यक्रम का मुख्य केंद्र छात्रों के साथ होने वाला संवाद ही है। स्वराज भवन में राहुल गांधी के साथ पार्टी नेताओं की बैठक को लेकर कांग्रेस संगठन के स्तर पर भी इसे अहम माना जा रहा है।

राहुल गांधी शाम करीब छह बजे केपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पहुंचेंगे। यहां वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों और अन्य युवाओं से सीधे बातचीत करेंगे। कार्यक्रम करीब ढाई घंटे तक चलने की संभावना है और रात 8:30 बजे तक राहुल गांधी छात्रों के बीच रहेंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

प्रयागराज को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का बड़ा केंद्र माना जाता है। ऐसे में पेपर लीक और सरकारी भर्तियों में देरी जैसे मुद्दों को लेकर राहुल गांधी का छात्रों के बीच पहुंचना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस की ओर से लगातार यह आरोप लगाया जाता रहा है कि युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के मामले में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राहुल गांधी इस कार्यक्रम में छात्रों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ सरकार से जुड़े सवाल भी उठा सकते हैं।

Gen-Z Politics India : ‘PM मोदी का GRWM vs राहुल गांधी का AMA’, Gen-Z वोटर्स को साधने की नई सियासी रणनीति क्या है?

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रयागराज में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पहले से ही डटे हुए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना समेत पार्टी के कई नेताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में छात्रों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

केपी इंटर कॉलेज मैदान और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संभावित भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। प्रशासन की कोशिश है कि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था और सुरक्षा दोनों को सुचारू बनाए रखा जाए।

राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए एक पोस्टर को लेकर भी विवाद सामने आया। केपी कॉलेज मैदान के गेट पर राहुल गांधी और वरुण गांधी को एक साथ दिखाते हुए एक पोस्टर लगाया गया था। पोस्टर के जरिए गांधी परिवार के बीच संवाद और एकता का संदेश देने की कोशिश की गई थी। हालांकि आरोप है कि कुछ लोगों ने इस पोस्टर को फाड़ दिया। इस मामले को लेकर हाई कोर्ट के अधिवक्ता रवि सोनकर और वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष सिंह की ओर से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।

अब सभी की निगाहें शाम को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि राहुल गांधी छात्रों से पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से बातचीत कर सकते हैं। प्रयागराज में उनका यह कार्यक्रम कांग्रेस के लिए छात्रों और युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। वहीं, छात्रों की ओर से यह उम्मीद की जा रही है कि उनके सवालों और समस्याओं को सीधे राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button