
Chandauli News-उत्तर प्रदेश शासन के निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो, लखनऊ के निर्देश पर राज्य निर्यात पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत चन्दौली जिले के पात्र निर्यातकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र ने इच्छुक निर्यातकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि इस योजना का लाभ केवल उन निर्यातक इकाइयों और कंपनियों को मिलेगा, जिनका पंजीकरण उत्तर प्रदेश निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो में है। साथ ही आवेदक इकाई का पिछले दो वर्षों में न्यूनतम 30 लाख रुपये प्रति वर्ष का निर्यात होना आवश्यक है। इसकी पुष्टि के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट या संबंधित बैंक द्वारा जारी प्रमाणपत्र आवेदन के साथ संलग्न करना होगा।
पात्र निर्यातकों को अपने आवेदन पत्र सभी आवश्यक दस्तावेजों और प्रमाणपत्रों के साथ 14 अगस्त 2026 तक जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, चन्दौली के कार्यालय में जमा करने होंगे।
योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन पत्र का प्रारूप निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा आवेदन पत्र जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, चन्दौली के कार्यालय से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।



