Pratapgarh News-प्रतापगढ़ में जर्जर मकान ढहने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य

Pratapgarh News: Six members of the same family died after a dilapidated house collapsed in Pratapgarh; the administration has initiated relief operations.

Pratapgarh News-उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के महुली गांव में बुधवार देर रात एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे उसमें सो रहे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव (60), रीता (55), नितिन (25), माधुरी (23), एक वर्षीय माधव और 10 माह के अद्विक उर्फ बाबू की मौत हो गई। वहीं परिवार का एक सदस्य अमन (28) सुरक्षित बाहर निकल आया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक ज्योति नारायण और प्रयागराज रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा ने मौके का निरीक्षण किया। उनके साथ जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से अनुमन्य आर्थिक सहायता और अन्य जरूरी मदद जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं और राहत कार्यों को संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।

पुलिस ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है तथा एहतियात के तौर पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस हादसे पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

रिपोर्ट-उमेश पाण्डेय जिला संवाद दाता यूनाईटेड भारत

Read Also-New Delhi:नैरोबी एग्री-फूड समिट में भारत का दम, 1200 में से 650 प्रतिनिधि भारतीय

Show More

Related Articles

Back to top button