
BREAKING: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। हादसा पूंछ थाना क्षेत्र के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में आबान समेत तीन लोगों की मौत हुई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
भाई अली से मिलने झांसी जेल जा रहा था आबान
पुलिस के अनुसार, आबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद, जो झांसी जेल में बंद है, उससे मिलने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने पुष्टि की कि तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के कारण यह दुर्घटना हुई।
हादसे में कौन-कौन था कार में?
घायल मोहम्मद उमर ने बताया कि कार में आबान अहमद के अलावा सोनू, फारुख, जैद और अन्य साथी सवार थे। उनके मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद सभी लोग सड़क पर जा गिरे। उमर ने बताया कि हादसे के बाद उन्हें कुछ याद नहीं रहा और होश अस्पताल में आया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है।
कौन था आबान अहमद?
आबान अहमद, माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा था। वर्ष 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के बाद आबान और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह भेजा गया था। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था।
वहीं, आबान का बड़ा भाई अली अहमद अक्टूबर 2025 से झांसी जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, आबान उसी से मुलाकात करने के लिए झांसी जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने उसकी जान ले ली।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वाहन की गति, सड़क की स्थिति और अन्य तकनीकी कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



