E20 News-ई-20 पर केजरीवाल भ्रम फैला रहे, आईआईटी की पढ़ाई पर भी उठते हैं सवाल: हर्ष मल्होत्रा

E20 News – Kejriwal is spreading misinformation about E20; questions are also being raised regarding IIT education: Harsh Malhotra.

E20 News- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने ई-20 (एथनॉल मिश्रित पेट्रोल) के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह तकनीकी विषयों पर भ्रामक बयान देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2010 से केजरीवाल स्वयं को आईआईटी से शिक्षित बताते रहे हैं, लेकिन ई-20 सहित कई तकनीकी मुद्दों पर उनके बयान उनकी समझ पर सवाल खड़े करते हैं।

मल्होत्रा ने कहा कि यदि केजरीवाल को लगता है कि ई-20 से वाहनों को नुकसान हो रहा है, तो वह देशभर में चल रही करोड़ों गाड़ियों में से 100 ऐसे वाहन सामने लाकर दिखाएं, जिनके इंजन ई-20 ईंधन के कारण खराब हुए हों।

उन्होंने दावा किया कि एथनॉल मिश्रित पेट्रोल के उपयोग से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में लगभग 30 प्रतिशत तक सुधार हुआ है। भारत हर वर्ष बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च कर ईंधन आयात करता है और नीति आयोग के अनुसार एथनॉल के बढ़ते उपयोग से पहले ही वर्ष में लगभग एक लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हो सकती है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एथनॉल के उपयोग से गन्ना किसानों की आय में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि होने का अनुमान है। उनके अनुसार ई-20 आर्थिक बचत, किसानों की आय बढ़ाने और प्रदूषण कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल राजनीतिक कारणों से ई-20 का विरोध कर रहे हैं। यदि वह तकनीकी तथ्यों का अध्ययन करते, तो इस योजना का विरोध नहीं करते।

Show More

Related Articles

Back to top button