
Pratapgarh Kanwar Yatra 2026: प्रतापगढ़ में आगामी कांवड़ यात्रा और श्रावण मास के दौरान शिवालयों में होने वाले जलाभिषेक को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जनपद के प्रमुख शिवालयों—घुईसरनाथ धाम, बाबा बेलखरनाथ धाम, भयहरणनाथ धाम और हौदेश्वरनाथ धाम—में श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने, बिजली के ढीले तारों को दुरुस्त करने और मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों को मंदिर परिसरों का स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी प्रमुख मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही नदी घाटों पर बैरिकेडिंग कराने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के लिए 18 प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाएगी, जो रिफ्लेक्टर जैकेट पहनकर ड्यूटी करेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर भी प्रशासन ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। कांवड़ मार्गों पर खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने तथा जिन दुकानों पर लहसुन और प्याज युक्त भोजन तैयार किया जा रहा है, वहां इसकी स्पष्ट सूचना प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। वहीं शराब की दुकानों को पूरी तरह ढककर साफ-सुथरी स्थिति में रखने के लिए भी कहा गया।
Ruchika Singh: ‘मुझसे बड़ी गलती हुई, देश माफ करे’, रुचिका सिंह का माफीनामा वीडियो वायरल
जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि जनपद में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिले।

बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि पूरी यात्रा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य प्रजापति, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत।



