
Aradhana Mishra Mona Rampur Khas: कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता एवं रामपुरखास की विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि रामपुरखास को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए विकास परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल, कृषि, सड़क, सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता पर है, ताकि लोगों को विकास का सीधा लाभ मिल सके।
बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों के दौरे के दौरान विधायक मोना ने ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि हाल ही में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से मंगापुर में स्टेडियम निर्माण को मंजूरी मिली है, जिससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ-साथ पुलिस, सेना और अन्य भर्ती परीक्षाओं की शारीरिक तैयारी में भी मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाला कृषि कल्याण केंद्र किसानों के लिए आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के सहयोग से रामपुरखास को विकास, सुरक्षा और शांति के मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से समयबद्ध कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
लालगंज स्थित कैंप कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान कांग्रेस विधायक ने पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि संसद में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी छात्रों के साथ हुए अन्याय का जवाब मांग रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार अब भी अपनी जवाबदेही तय करने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है।

उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को भी गंभीर बताते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।
दौरे के दौरान विधायक मोना ने आमजन की समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बाबा घुइसरनाथ धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा श्रावण माह में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संस्थाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुगम दर्शन व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
अगई मोड़ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक आराधना मिश्रा मोना का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नीमी, रोहाड़ा, राजा का पुरवा, भोजपुर, रांकी और ननौती सहित कई गांवों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, प्रमुख अमित सिंह पंकज, प्रमुख अशोक सिंह बबलू, ज्ञानप्रकाश शुक्ल, केडी मिश्र, आशीष उपाध्याय, पप्पू तिवारी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



