
Ramayana Trailer Release Date: रणबीर कपूर और साई पल्लवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने आधिकारिक तौर पर ट्रेलर रिलीज की तारीख और समय का ऐलान कर दिया है। इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
मेकर्स के अनुसार ‘रामायण’ का ट्रेलर 30 जुलाई 2026, गुरुवार को सुबह 4:15 बजे रिलीज किया जाएगा। खास बात यह है कि ट्रेलर को ब्रह्म मुहूर्त में लॉन्च किया जाएगा, जिसे भारतीय परंपरा में बेहद शुभ माना जाता है। इसी के साथ दर्शकों को पहली बार बड़े पर्दे पर भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर और माता सीता के रूप में साई पल्लवी की झलक देखने को मिलेगी।
इससे पहले फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होने की चर्चा थी, लेकिन किसी कारणवश मेकर्स ने इसकी रिलीज टाल दी थी। अब नई तारीख के साथ ट्रेलर लॉन्च की पूरी तैयारी कर ली गई है। माना जा रहा है कि ट्रेलर रिलीज के साथ फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का भी खुलासा किया जा सकता है।
निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि शुभ ब्रह्म मुहूर्त में पूरी दुनिया के सामने ‘रामायण’ के ट्रेलर का स्वागत किया जाएगा। इस पोस्ट के सामने आने के बाद फैंस में फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
Ramayana Trailer Postponed: रिलीज से पहले बदला प्लान, अब ग्लोबल स्तर पर लॉन्च होगा ट्रेलर
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे, वहीं रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म की भव्य प्रस्तुति, वीएफएक्स और स्टारकास्ट को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी चर्चा है।
अब सभी की निगाहें 30 जुलाई की सुबह पर टिकी हैं, जब ‘रामायण’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर दुनिया भर के दर्शकों के सामने आएगा।



