Fatehpur Head Constable Accident: फतेहपुर में सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल की मौत, फूलपुर गांव पहुंचा शव तो गम में डूबा पूरा इलाका

सीएम योगी के कार्यक्रम में ड्यूटी पर जाते समय डंपर की टक्कर से गई जान, पुलिस सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Fatehpur Head Constable Accident: फूलपुर थाना क्षेत्र के सराय शेकपीर उर्फ सलमापुर दीवानगंज गांव निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस के हेड कांस्टेबल रामप्रवेश (45) की फतेहपुर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार, रामप्रवेश फतेहपुर जनपद के धाता थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विभागीय अधिकारियों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन भी तत्काल फतेहपुर पहुंच गए।

पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देर रात पुलिस वाहन से रामप्रवेश का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सराय शेकपीर उर्फ सलमापुर दीवानगंज लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। हर तरफ शोक का माहौल था और परिजनों का विलाप देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं।

मृतक अपने पीछे पत्नी अनारा देवी, तीन बेटियां शिल्पा, शिवानी और शालिनी तथा 10 वर्षीय पुत्र अरनव को छोड़ गए हैं। रविवार सुबह छतनाग घाट पर पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें राजकीय सम्मान और सलामी के साथ अंतिम विदाई दी गई।

Uttar Pradesh News: ‘राम मंदिर RSS का कार्यालय है’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के बयान से मचा सियासी विवाद, गोरक्षा को लेकर भी की बड़ी अपील

सरल स्वभाव के कारण सभी के चहेते थे रामप्रवेश

गांव के लोगों ने बताया कि रामप्रवेश बेहद सरल, मिलनसार और मददगार स्वभाव के व्यक्ति थे। पुलिस विभाग में कार्यरत होने के बावजूद उनका व्यवहार सभी के प्रति आत्मीय और विनम्र था। यही कारण था कि उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

ग्रामीणों ने बताया कि वह परिवार की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभा रहे थे। उनकी बड़ी बेटी शिल्पा की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियों और एक बेटे की जिम्मेदारी अभी बाकी थी। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Show More

Related Articles

Back to top button