
Rinku Singh Priya Saroj Love Story: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज की प्रेम कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में प्रिया सरोज ने पहली बार खुलकर बताया कि कैसे एक साधारण प्रोफेशनल मैसेज ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी और यही बातचीत आगे चलकर प्यार में बदल गई।
प्रिया सरोज ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान वह अपनी बहन के साथ एक छोटा स्टार्टअप शुरू करने की योजना बना रही थीं। उनकी बहन का इंस्टाग्राम पर फूड पेज था, जिसे प्रमोट कराने के लिए किसी ने रिंकू सिंह का नाम सुझाया। सलाह मिली कि रिंकू बेहद सरल और मददगार स्वभाव के हैं और शायद प्रमोशन में सहायता कर दें। इसी उद्देश्य से उन्होंने पहली बार रिंकू सिंह को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया।
प्रिया ने बताया कि उस समय रिंकू सिंह के इंस्टाग्राम पर करीब 1.20 लाख फॉलोअर्स थे, जबकि उनके अपने फॉलोअर्स केवल लगभग एक हजार थे। उन्होंने रिंकू की प्रोफाइल पर जाकर कुछ पोस्ट लाइक किए और फिर बात वहीं खत्म हो गई। लगभग पांच दिन बाद अचानक रिंकू सिंह की ओर से “हाय” का मैसेज आया।
उन्होंने स्वीकार किया कि किसी अनजान व्यक्ति से बात करने में उन्हें झिझक होती थी। इसलिए रिंकू का मैसेज आने पर उन्होंने खुद बातचीत करने के बजाय अपना फोन अपने भाई को दे दिया। करीब एक सप्ताह तक दोनों की बातचीत उनके भाई के माध्यम से होती रही। बाद में उन्हें पता चला कि शुरुआती दौर में रिंकू सिंह की ओर से भी कुछ बातचीत उनके साथी क्रिकेटर नितीश राणा कर रहे थे।

प्रिया ने कहा कि उस समय उनका पूरा ध्यान पढ़ाई और न्यायिक सेवा (जज) की तैयारी पर था। इसलिए रिश्ते या दोस्ती के बारे में उन्होंने कभी नहीं सोचा था। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने लगे।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में ही उन्होंने रिंकू सिंह से साफ कह दिया था कि उनका परिवार बेहद साधारण है और वहां न तो लव मैरिज का चलन है और न ही इंटर-कास्ट विवाह की परंपरा। उनके पिता चाहते थे कि उनकी शादी किसी सरकारी नौकरी करने वाले, संस्कारी और जिम्मेदार युवक से हो।

प्रिया के मुताबिक, जब उन्होंने यह बात रिंकू सिंह को बताई तो उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह अपने प्रदर्शन से परिवार का विश्वास जीतेंगे। रिंकू ने कहा कि वह जल्द ही भारतीय टीम में जगह बनाएंगे। हालांकि प्रिया ने उस समय कहा था कि उनके पिता क्रिकेट की दुनिया से ज्यादा परिचित नहीं हैं और केवल क्रिकेटर होना उन्हें प्रभावित नहीं करेगा।
समय के साथ परिस्थितियां बदलीं। वर्ष 2023 में रिंकू सिंह का शानदार प्रदर्शन, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चयन और लगातार सफलता ने उनके परिवार का नजरिया बदलने में मदद की। आखिरकार दोनों के रिश्ते को परिवार की स्वीकृति मिल गई।
प्रिया सरोज ने यह भी बताया कि वर्ष 2022 से दोनों लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहे। पारिवारिक परंपराओं के कारण दोनों की मुलाकातें बहुत कम हुईं। उन्होंने कहा कि शादी से पहले अकेले घूमने-फिरने की अनुमति नहीं थी, इसलिए वह अब तक केवल दो बार ही स्टेडियम में रिंकू सिंह का मैच देखने पहुंची हैं, जिनमें एक मुकाबला दिल्ली और दूसरा लखनऊ में था।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की यह सादगी भरी प्रेम कहानी अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है। फैंस दोनों की जोड़ी को खूब पसंद कर रहे हैं और उनके इंटरव्यू की क्लिप्स तेजी से वायरल हो रही हैं।



