
Patti Jagannath Rath Yatra Samman Samaroh: नगर में आयोजित भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा को सफल बनाने में योगदान देने वाले श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के सम्मान में राम जानकी मंदिर परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में रथ यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान समारोह परम पूज्य गुरु गौरांग दास जी के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का संयोजन रथ यात्रा के मुख्य संयोजक आशीष कुमार खंडेलवाल ने किया।
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक ओमप्रकाश जी, जिला प्रचारक प्रवीण जी, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव तथा जिला सह व्यवस्था प्रमुख नीतेश जी खंडेलवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने रथ यात्रा की तैयारियों, व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
सम्मान प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने भविष्य में भी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प दोहराया।
UP News-वाराणसी : अस्सी घाट पर गंगा में जलकुंभी हटाने का अभियान, जल्द उतरेगी ट्रैश बोट मशीन
कार्यक्रम के दौरान राम जानकी मंदिर परिसर भजन-कीर्तन, जय श्री जगन्नाथ और जय श्रीराम के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान श्री जगन्नाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
मुख्य संयोजक आशीष कुमार खंडेलवाल ने कहा कि रथ यात्रा को भव्य और सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और समाज के लोगों का योगदान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराएं निरंतर मजबूत होती हैं।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। समारोह का समापन सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।



