
Delhi EV Policy 2026: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने नई EV Policy 2026 का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह नई नीति 1 जुलाई 2026 से लागू होगी और 31 मार्च 2030 तक प्रभावी रहेगी। सरकार का दावा है कि इस नीति के जरिए लोगों को सब्सिडी और टैक्स छूट सहित करीब 15,000 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा।
1 जुलाई से लागू होगी नई EV पॉलिसी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां इलेक्ट्रिक वाहनों को सबसे अधिक प्रोत्साहन देने के लिए व्यापक सब्सिडी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नई EV नीति का उद्देश्य प्रदूषण कम करना, स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना और इलेक्ट्रिक वाहनों को आम लोगों के लिए अधिक किफायती बनाना है।
किन-किन वाहनों को मिलेगा फायदा?
नई नीति के तहत दोपहिया, तीनपहिया, चारपहिया वाहनों के अलावा ग्रामीण सेवा से जुड़े इलेक्ट्रिक वाहनों को भी शामिल किया गया है। सरकार का कहना है कि इससे सार्वजनिक परिवहन और निजी वाहनों दोनों में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा।
15,000 करोड़ रुपये तक का लाभ
मुख्यमंत्री के अनुसार, नई EV पॉलिसी के तहत मिलने वाली सब्सिडी, टैक्स छूट और अन्य प्रोत्साहनों का कुल लाभ लगभग 15,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। सरकार का मानना है कि इससे बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए प्रेरित होंगे।
100% रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट
नई EV Policy 2026 के तहत सभी Pure Electric Vehicles पर 100 प्रतिशत रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ किया जाएगा। इससे इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की शुरुआती लागत में बड़ी कमी आएगी।
चार्जिंग नेटवर्क का होगा विस्तार
सरकार ने घोषणा की है कि दिल्ली में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार किया जाएगा। सबसे पहले प्रमुख सड़कों और मुख्य मार्गों पर नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, ताकि इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को चार्जिंग की सुविधा आसानी से मिल सके।
प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम
दिल्ली लंबे समय से वायु प्रदूषण की गंभीर समस्या से जूझ रही है। सरकार का कहना है कि नई EV पॉलिसी 2026 राजधानी में प्रदूषण कम करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी। इसके जरिए आने वाले वर्षों में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ाने और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
Written By: Ekta Verma



