
Pratapgarh News: जिले के मान्धाता क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अशफाक अहमद ने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर मोहर्रम के पावन अवसर पर शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मोहर्रम का त्योहार हमें अधर्म के खिलाफ धर्म, अन्याय के खिलाफ न्याय और असत्य के खिलाफ सत्य की राह पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
अपने संबोधन में अशफाक अहमद ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान, इंसाफ और मानवता के मूल्यों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि हजरत इमाम हुसैन का जीवन सत्य, न्याय और मानवता की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है, जिससे समाज को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।
उन्होंने मान्धाता क्षेत्र की जनता की सराहना करते हुए कहा कि यहां की गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा पूरे जिले के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के लोग यहां मिल-जुलकर एक-दूसरे के पर्वों में सहभागिता निभाते हैं, जिससे सामाजिक एकता और मजबूत होती है।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर मोहर्रम आयोजन समितियों एवं स्थानीय नागरिकों ने अशफाक अहमद का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने वाले पुलिस प्रशासन, आयोजन समितियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखें तथा प्रशासन का सहयोग करते हुए सामाजिक एकता को और मजबूत करें।
इस दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय | जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



