Pratapgarh News: सांगीपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

राजमतीपुर और कस्बा सांगीपुर में चलाया जागरूकता अभियान, महिला हेल्पलाइन और साइबर हेल्पलाइन की दी विस्तृत जानकारी।

Pratapgarh News: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को थाना सांगीपुर की एंटी रोमियो टीम ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने राजमतीपुर एवं कस्बा सांगीपुर में महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी या अन्य आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर पुलिस एवं प्रशासन से सहायता प्राप्त की जा सकती है।

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवाएं 102 एवं 108 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इन सेवाओं की उपयोगिता समझाई।

इसके साथ ही पुलिस टीम ने डिजिटल युग में बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए महिलाओं और युवतियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक करने और साइबर फ्रॉड से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें और बिना पुष्टि के किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

UP Pratapgarh News: एमएसएमई दिवस पर प्रतापगढ़ में 250 प्रशिक्षार्थियों को टूलकिट, युवाओं को मिली स्वरोजगार की नई उड़ान

अभियान के दौरान थाना सांगीपुर में संचालित महिला हेल्प डेस्क की जानकारी भी दी गई। साथ ही मिशन शक्ति प्रभारी के सीयूजी नंबर 9454407351 को साझा करते हुए महिलाओं से कहा गया कि आवश्यकता पड़ने पर वे सीधे संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

थाना सांगीपुर पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें उनके अधिकारों और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक बनाना भी है। इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में समय-समय पर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि महिलाएं और बालिकाएं सुरक्षित, जागरूक और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन का संचालन कर सकें।

उमेश पाण्डेय | जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button