UP Politics : PDA का नया दांव! अखिलेश यादव बोले- अब D का मतलब ‘दमदार दलित’

UP Politics : अखिलेश यादव ने दलित सम्मेलन में PDA के D को 'दमदार दलित' बताया। भाजपा पर निशाना साधते हुए 2027 यूपी विधानसभा चुनाव, दलित उत्पीड़न, रोजगार और आरक्षण पर रखी बात।

UP Politics : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अपने PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नारे को नया राजनीतिक अर्थ दिया है। रविवार को आयोजित दलित सम्मेलन में उन्होंने PDA के ‘D’ को ‘दमदार दलित’ करार दिया। अखिलेश ने कहा कि दलित समाज का बढ़ता समर्थन इस बात का संकेत है कि अब दलित समुदाय अपने अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ा हो रहा है। उन्होंने सम्मेलन को वंचित और पिछड़े समाज के व्यापक आंदोलन की शुरुआत बताया।

अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि हालिया उपचुनावों और विधान परिषद चुनावों में हार के बाद भाजपा PDA के खिलाफ साजिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में दलित समाज भाजपा को करारा जवाब देगा। आगरा को भाजपा का मजबूत गढ़ मानने वालों की राजनीतिक जमीन भी खिसकने वाली है।

अंबेडकर की प्रतिमाओं के अपमान का उठाया मुद्दा

सपा प्रमुख ने प्रदेश में दलितों पर कथित अत्याचार और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दलित उत्पीड़न के सबसे अधिक मामले दर्ज हुए हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश में आंबेडकर की करीब 200 प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया गया, लेकिन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना केवल एक मूर्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह उस संविधान का अपमान है, जिसे बाबा साहेब ने हाथ में थामा था। संविधान से ही लोगों को सम्मान, अधिकार और लोकतंत्र मिलता है। अखिलेश ने भाजपा पर संविधान के बजाय ‘मन विधान’ से शासन करने का आरोप भी लगाया।

भाजपा सरकार पर युवाओं और शिक्षा की अनदेखी का आरोप

अखिलेश यादव ने प्रदेश में रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 20 से अधिक सरकारी भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिसके कारण परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार और आरक्षण के अवसरों से वंचित कर रही है।

सपा अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार ने गरीब और दलित परिवारों के बच्चों की पढ़ाई से जुड़े 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद कर दिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार स्कूल बंद कर शराब की दुकानें खोल रही है। उच्च शिक्षण संस्थानों में दलितों और पिछड़े वर्गों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का आरोप भी लगाया।

2027 का चुनाव पांच और 95 फीसदी के बीच बताया

अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को पांच फीसदी और 95 फीसदी आबादी के बीच की लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पुलिस और आपातकालीन सेवाओं में सुधार किया जाएगा, ताकि गरीबों को समय पर न्याय मिल सके।

सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर अभ्यर्थियों को उनका हक दिलाया जाएगा। अखिलेश ने कहा, “इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा।” उन्होंने कहा कि युवा पढ़ना और आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है।

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में भाजपा की हार के बाद कुछ राजनीतिक पर्यटक उत्तर प्रदेश पहुंचने लगे हैं। ये नेता किसी दूसरे के इशारे पर काम कर रहे हैं। इसे उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले PDA के समीकरण को प्रभावित करने की कोशिश बताया।

यह टिप्पणी ओवैसी की पार्टी और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच 2027 चुनाव से पहले हुए गठबंधन के संदर्भ में देखी जा रही है।

अखिलेश ने आगरा से सपा समर्थित आकाश अग्रवाल की विधान परिषद चुनाव में जीत का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्याशी को हराने के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी लगा दी गई थी, लेकिन अपमान और विरोध के बावजूद उन्हें जीत मिली। उन्होंने कहा कि अन्याय और अपमान झेलने वाले लोग ही PDA की असली ताकत हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button