UP Lucknow News: भामाशाह जयंती पर नटवर गोयल का संदेश, ‘व्यापारी समाज के लिए आज भी प्रेरणा हैं दानवीर भामाशाह’

लालबाग में आयोजित कार्यक्रम में लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष ने व्यापारियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान।

UP Lucknow News: राजधानी लखनऊ में दानवीर भामाशाह की जयंती सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष नटवर गोयल ने लालबाग स्थित अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भामाशाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि, वैश्य समाज के गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नटवर गोयल ने कहा कि भामाशाह जयंती केवल एक महापुरुष को याद करने का दिन नहीं, बल्कि व्यापारिक कल्याण दिवस के रूप में भी मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह का त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा आज भी व्यापारी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि भामाशाह ने अपने जीवन की संपूर्ण संपत्ति राष्ट्र और समाज के हित में समर्पित कर दी थी। उनका जीवन इस बात का संदेश देता है कि धन का सर्वोत्तम उपयोग समाज और देश की सेवा में होता है। आज के युवा उद्यमियों और व्यापारियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

नटवर गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार छोटे व्यापारियों, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों तथा स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना, नए रोजगार के अवसर पैदा करना और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

UP Lucknow News: आशियाना में वेंडिंग ज़ोन को लेकर बवाल, सड़क पर उतरे लोग, जाम लगाकर किया प्रदर्शन

उन्होंने कहा कि वैश्य समाज सदियों से देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। व्यापार, उद्योग और सेवा के माध्यम से इस समाज ने देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में व्यापारी वर्ग प्रदेश और देश की आर्थिक मजबूती में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।

लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष ने कहा कि निगम भामाशाह के सिद्धांतों और सेवा भावना को आत्मसात करते हुए छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही सरकार और निगम का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दानवीर भामाशाह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सत्य प्रकाश गुलेरी, राम मोहन अग्रवाल, रीता मित्तल, पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी, पार्षद दीपू जायसवाल, सुनील कुमार गुप्ता, पार्षद गीता गुप्ता सहित वैश्य समाज के अनेक सम्मानित सदस्य और व्यापारी संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: निखिल श्रीवास्तव | लखनऊ

Show More

Related Articles

Back to top button