
Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारने की घटना सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक दीपके के पास पहुंचकर उन्हें थप्पड़ मारता और उनका गमछा खींचता दिखाई दे रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रदर्शन के दौरान हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) जयपुर के शहीद स्मारक पर विभिन्न जन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही थी। इसी दौरान एक युवक अचानक अभिजीत दीपके के करीब पहुंचा और कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आरोपी ने क्या कहा?
मीडिया से बातचीत में आरोपी युवक ने खुद को जयपुर का निवासी और राष्ट्रवादी बताया। उसने दावा किया कि उसका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। युवक ने आरोप लगाया कि CJP लोगों को गुमराह कर रही है और इसी वजह से उसने विरोध जताया।
हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
किस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रही थी CJP?
पार्टी की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में NEET परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले, बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा था। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे सहित कई मांगें रखीं।
कार्यक्रम संयोजकों के अनुसार, आंदोलन का उद्देश्य छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना था।
कई नेता और सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके, राष्ट्रीय प्रवक्ता अशुतोष रांका सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। पार्टी ने पहले ही आम जनता, छात्रों और युवाओं से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल Media पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। समर्थक और विरोधी दोनों पक्ष इस घटना पर अपनी-अपनी राय रख रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



