Pratapgarh News: भारत सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकासखंड सदर में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ

राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया अवलोकन, योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने पर दिया जोर

Pratapgarh News:  केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विकास खंडों में 14 जून से 16 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के तहत विकासखंड सदर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य द्वारा किया गया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। शिविर में पशुपालन विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को प्रदान की गई।

स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर सांसद अमरपाल मौर्य ने स्वयं अपना ब्लड प्रेशर एवं शुगर परीक्षण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, पूर्व विधायक धीरज ओझा, जिला प्रभारी कौशलेंद्र, उपाध्यक्ष पवन गौतम, सांसद प्रतिनिधि राय साहब सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों एवं नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

Pratapgarh News: कैंची धाम मंदिर के स्थापना दिवस पर सेवा का अनूठा उदाहरण, राहगीरों को पिलाया गया शरबत

स्वास्थ्य मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित सेवाएं एवं जागरूकता सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र ओझा ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ए.एन. प्रसाद, परियोजना निदेशक दयाराम यादव, समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र त्रिपाठी, एडीओ (एसटी) प्रदीप पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, लाभार्थी एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय
जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button