
Uttar Pradesh Police Recruitment Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जौनपुर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। निर्धारित छह पालियों में कुल 56,880 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
परीक्षा की निगरानी एवं व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की है। इसके तहत 21 केंद्र व्यवस्थापक, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित लगभग 1200 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।
रविवार को बैठक लेते हुए जिलाधिकारी ने सैमुअल पाल एन ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग को कोचिंग सेंटर संचालकों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को रोका जा सके।
इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिकारियों को 8, 9 और 10 जून को अनावश्यक विद्युत शटडाउन नहीं करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, जिससे परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन परीक्षा को संवेदनशीलता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस एवं प्रशासन के समन्वित प्रयासों से मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराई जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Read Also-Cricket News -पदार्पण मैच में चमके मानव सुथार, बोले- मेरी कोशिश सही जगह पर गेंदबाजी करने की थी



