Sonbhadra News-आईजी विंध्याचल आर.पी. सिंह ने की अपराध व कानून-व्यवस्था की समीक्षा, होमगार्ड परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश

Sonbhadra News-पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर आर.पी. सिंह ने शुक्रवार को परिक्षेत्र के सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी होमगार्ड परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

आईजी आर.पी. सिंह ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित व पुरस्कार घोषित अभियुक्तों तथा वारंटियों की गिरफ्तारी पर जोर दिया। साथ ही, शिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भूमि विवादों को राजस्व विभाग के समन्वय से समाधान दिवस में निपटाने को कहा गया।

उन्होंने रात्रि में चौराहों और तिराहों पर सघन चेकिंग कर अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने, पिछले 10 वर्षों में चोरी, लूट व अन्य अपराधों में संलिप्त अपराधियों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। अवैध शराब और शस्त्रों के निर्माण, बिक्री व उपयोग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

आईजी ने टॉप-10 अपराधियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व धारा 14(1) के तहत जब्तीकरण तथा जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। महिला अपराध, गो-तस्करी, पशु क्रूरता और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामलों में त्वरित व कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पॉक्सो एक्ट के मामलों में शीघ्र विवेचना पूर्ण कर ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अधिक से अधिक सजा दिलाने पर जोर दिया गया। साथ ही मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई और बरामदगी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

होमगार्ड परीक्षा पर विशेष सतर्कता
आईजी आर.पी. सिंह ने कहा कि होमगार्ड परीक्षा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए तथा नकल या फर्जीवाड़े पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारी नियमित रूप से केंद्रों का निरीक्षण करें।

सोशल मीडिया पर निगरानी के निर्देश
आईजी ने ट्विटर, व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई कर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त विधिक कदम उठाने को कहा। स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी सक्रिय रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

Read Also-Pratapgarh News-रणनीतिक बैठक में डॉ. आर.के. वर्मा की सक्रिय भागीदारी से कार्यकर्ताओं में उत्साह

रिपोर्ट: अमित मिश्रा, सोनभद्र

Show More

Related Articles

Back to top button