Cylinder Blast Lucknow: लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया, जब फीनिक्स मॉल के पास स्थित बाराबिरवा सब्जी मंडी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 26 दुकानें जलकर राख हो गईं। इस दौरान एक फास्ट फूड की दुकान में रखा गैस सिलिंडर फटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे एक फल की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआत में आग छोटी थी, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैल गईं और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। मंडी में करीब 200 दुकानें हैं, जिससे आग फैलने का खतरा और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पहले कुछ दमकल गाड़ियों से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। हालात को देखते हुए कुल 12 दमकल गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात लगभग 1 बजे आग पर काबू पाया।
आग बुझाने के दौरान घना धुआं फैलने से दमकल कर्मियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके चलते उन्हें विशेष उपकरण (वीआर सेट) पहनकर काम करना पड़ा। कई दुकानों की टीन तोड़कर अंदर पहुंचना पड़ा, तभी आग को पूरी तरह बुझाया जा सका।
इस बीच मंडी में स्थित एक फास्ट फूड दुकान में रखा गैस सिलिंडर अचानक फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पुलिस ने लोगों को शांत कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
हादसे में एक दुकानदार सामान निकालते समय मामूली रूप से झुलस गया, हालांकि किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कानपुर रोड से फीनिक्स मॉल जाने वाले रास्ते को कुछ समय के लिए बंद कर दिया, जिससे इलाके में लंबा जाम भी लग गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। इस हादसे में फल, कपड़े, किराना और फास्ट फूड समेत कई दुकानों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे दुकानदारों के सामने बड़ी आर्थिक समस्या खड़ी हो गई है।
Written By: Kalpana Pandey



