
BPSC Civil Judge 2026:बिहार में सिविल जज बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 33वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रतियोगी परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। आयोग ने बताया है कि ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 मार्च 2026 है। इसके बाद किसी भी उम्मीदवार का फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के कुल 173 पदों को भरा जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार न्यायिक सेवा में करियर बनाना चाहते हैं, उन्हें समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लेना चाहिए।
योग्यता क्या होनी चाहिए
इस परीक्षा में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास एलएलबी (कानून की डिग्री) होना जरूरी है। यह डिग्री किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या कॉलेज से होनी चाहिए। साथ ही यह भी जरूरी है कि पढ़ाई के समय उस संस्थान को बार काउंसिल से मान्यता मिली हुई हो।
अनुभव भी जरूरी
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास कम से कम तीन साल तक वकील के रूप में काम करने का अनुभव होना चाहिए। अनुभव की गणना उस तारीख से होगी, जब उम्मीदवार का नाम राज्य बार काउंसिल में दर्ज हुआ हो।
उम्मीदवार को अपने अभ्यास का प्रमाण संबंधित न्यायिक अधिकारी या अनुभवी अधिवक्ता से प्रमाणित कराना होगा। विधि क्लर्क के रूप में किया गया कार्य भी अनुभव में जोड़ा जा सकता है।
ऐसे होगा चयन
इस भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले प्रारंभिक परीक्षा, उसके बाद मुख्य परीक्षा और अंत में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों का अंतिम चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन करते समय रखें सावधानी
उम्मीदवारों को आवेदन पत्र में दी गई सभी जानकारी सही भरनी होगी। यदि किसी प्रकार की गलत या अधूरी जानकारी पाई जाती है तो आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
आवेदन करने की प्रक्रिया
सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव से संबंधित विवरण भरना होगा। जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। फॉर्म जमा करने के बाद उसकी कॉपी अपने पास सुरक्षित रखना जरूरी है।



