
प्रतापगढ़। प्रसिद्ध पांडव कालीन भयहरणनाथ धाम में राज्यसभा सांसद अमर पाल के प्रयास से कन्वेंशन सेंटर बनाए जाने के लिए 1 करोड़ 41 लाख रुपये की योजना प्रस्तावित की गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार ‘मुन्ना यादव’, भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान के कार्यवाहक अध्यक्ष लालजी सिंह तथा राजस्व विभाग की टीम ने प्रमुख लोगों के साथ कार्यदायी संस्था आवास विकास के अभियंताओं को सेंटर निर्माण हेतु स्थान चिन्हित कराया। इस सेंटर के निर्माण से धाम और क्षेत्रीय समाज को सीधे लाभ मिलने की संभावना है।
यह जानकारी देते हुए धाम के महासचिव समाज शेखर ने बताया कि यहाँ की जरूरत और स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए राज्यसभा सांसद को उनके प्रतिनिधि राय साहब सिंह ने अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत भयहरणनाथ धाम में कन्वेंशन सेंटर का प्रस्ताव तैयार कराया।
पर्यटन विभाग द्वारा बनाए गए सुलभ शौचालय और पर्यटक हाल के पास धाम के उत्तरी-पूर्वी परिसर में प्रबंध संस्थान, नगर पंचायत और राजस्व विभाग के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से स्थल का चयन किया। साथ ही यह भी तय किया गया कि पूर्व में निर्मित संरचनाएं यथावत रहेंगी। आवास विकास के जूनियर इंजीनियर अनूप कुमार ने 30×30 मीटर क्षेत्रफल का स्थान चिन्हांकित किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कन्वेंशन सेंटर निर्माण को लेकर खुशी जताई और सांसद अमर पाल के प्रति आभार व्यक्त किया
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय,जिला संवाददाता – यूनाइटेड भारत



