
Job Update: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे रिक्रूटमेंट सेल ने Western Railway में अप्रेंटिस के 5349 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। खास बात यह है कि इस भर्ती में न तो लिखित परीक्षा होगी और न ही इंटरव्यू। उम्मीदवारों का चयन सीधे मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
यह भर्ती विज्ञापन संख्या RRC/WR/04/2025 के तहत निकाली गई है और आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। इच्छुक अभ्यर्थी 21 फरवरी सुबह 11 बजे से आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 23 मार्च शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
इन पदों में फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, कंप्यूटर ऑपरेटर, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, पेंटर, कारपेंटर और रेफ्रिजरेशन-एसी मैकेनिक जैसे कई ट्रेड शामिल हैं। सबसे अधिक रिक्तियां फिटर और इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में बताई जा रही हैं।
योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50% अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही संबंधित ट्रेड में एनसीवीटी से मान्यता प्राप्त आईटीआई प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का रिजल्ट अभी घोषित नहीं हुआ है, वे आवेदन नहीं कर सकेंगे। इंजीनियरिंग डिग्री या डिप्लोमा धारक इस भर्ती के लिए पात्र नहीं हैं।
आयु सीमा 15 से 24 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी। चयन 10वीं और आईटीआई के अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से होगा, जिसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवेदन शुल्क सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए 100 रुपये है, जबकि एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी और महिला अभ्यर्थियों को शुल्क से छूट दी गई है।
Written By: Kalpana Pandey



