
NCL Vacancy 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए नॉर्दन कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) ने असिस्टेंट फोरमैन के पदों पर बड़ी भर्ती निकाली है। मिनीरत्न कंपनी NCL ने कुल 270 रिक्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट www.nclcil.in पर जाकर 5 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, असिस्टेंट फोरमैन (E&T), मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल ट्रेनी समेत अलग-अलग कैडर में भर्ती की जाएगी। इसमें मैकेनिकल ट्रेनी, इलेक्ट्रिकल ट्रेनी और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन (E&T) के पद शामिल हैं। सबसे ज्यादा पद मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल कैटेगरी में रखे गए हैं।
योग्यता की बात करें तो उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल या इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में 3 साल का डिप्लोमा अनिवार्य है। संबंधित फील्ड में इंजीनियरिंग डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों की उम्र 18 से 30 साल के बीच होनी चाहिए, जबकि आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के जरिए पूरी की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को लगभग 47,330 प्रति माह बेसिक सैलरी मिलेगी। असिस्टेंट फोरमैन ट्रेनी के लिए ट्रेनिंग अवधि 1 साल और अन्य पदों के लिए 2 साल निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 1180 तय किया गया है, जबकि एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और विभागीय उम्मीदवारों के लिए शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट के Career सेक्शन में जाकर नोटिफिकेशन पढ़ना होगा और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद फॉर्म सब्मिट करना होगा। अंतिम तारीख के बाद आवेदन लिंक बंद कर दिया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।
Written By: Kalpana Pandey



