Sonbhadra News : धान खरीद का लक्ष्य पूरा होते ही पोर्टल बन्द, किसानो की चिन्ता बढ़ी

धान खरीद का लक्ष्य बढाने के लिए जिलाधिकारी ने शासन को लिखा पत्र

Sonbhadra News : जनपद में धान खरीद की प्रक्रिया अचानक रुक जाने से किसानों की चिन्ता बढ़ गया इसके साथ ही नाराजगी भी देखी जा रही है। जिले के विभिन्न खरीद केंद्रों पर अब भी हजारो कुंतल धान मौजूद है, लेकिन खरीद बंद होने के कारण किसान अपनी उपज बेचने में असमर्थ हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अधिकारियों का कहना है कि किसानों के अंगूठा सत्यापन (बायोमेट्रिक) के आधार पर खरीद लक्ष्य पूरा दिख रहा है, जिस कारण पोर्टल पर आगे की खरीद संभव नहीं हो पा रही। हैरानी की बात यह है कि अब तक किसानों या केंद्र प्रभारियों को खरीद बंद किए जाने की कोई लिखित सूचना जारी नहीं की गई है। इस स्थिति से स्वयं विभागीय अधिकारी भी असमंजस में हैं। कई केंद्रों पर धान रखने की जगह नहीं बची है, वहीं किसानों को आशंका है कि देर होने पर फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और उन्हें नुकसान उठाना पड़ेगा।

किसानों की मांग है कि जब तक क्रय केन्द्रों पर मौजूद किसानो के धान की खरीद पूरी नहीं हो जाती, तब तक प्रक्रिया चालू रखी जाए और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। अन्यथा यह स्थिति बड़े किसान आंदोलन का रूप भी ले सकती है।

इस सम्बंध में जिला विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया जिले को 1 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला था जो पूरा हो गया है। जनपद में किसानों का अभी धान खरीदना शेष रह गया है जिस पर लक्ष्य में वृद्धि के लिए जिलाधिकारी द्वारा 1.5 लाख मीट्रिक टन लक्ष्य करने के लिए शासन से पत्राचार किया गया है। इस पत्र के जवाब जैसे ही आता है किसानो के धान खरीद शुरू कर दिया जाएगा।

रिपोर्ट :- रवि पाण्डेय
सोनभद्र

Show More
Back to top button