
Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला, लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने के लिए योगी सरकार एक और पहल की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन (ओडीओसी) की तर्ज पर अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ को प्रोत्साहित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के प्रत्येक जिले की विशिष्ट कला को सामने लाने और स्थानीय कलाकारों को उचित मंच उपलब्ध कराने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति और लोक कलाओं ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद देश की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखा है। उन्होंने संस्कृति विभाग और संबंधित अकादमियों को निर्देश दिया कि प्रदेश की लोककलाओं को संरक्षित करने के साथ उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।
हर जिले की खास कला को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ओडीओपी योजना ने अपनी अलग पहचान बनाई है और इसके जरिए प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि राज्य का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इसी तरह वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन में भी व्यापक संभावनाएं हैं।
अब इसी सोच को कला और संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग और सभी अकादमियों को ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ कार्यक्रम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले की अपनी कोई न कोई विशिष्ट कला, संगीत परंपरा या लोक विधा है। इन्हें पहचानकर आगे बढ़ाया जाना चाहिए। स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलें और उनकी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संगीत की आध्यात्मिक शक्ति को लोगों तक पहुंचाया जाए।
लोककलाओं की उपेक्षा से कमजोर होती है सांस्कृतिक पहचान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संस्कृति को समाप्त करने और देश को लंबे समय तक गुलाम बनाए रखने के कई प्रयास हुए, लेकिन हमारी सनातन परंपराएं और लोक कलाएं हर दौर में जीवित रहीं। उन्होंने कहा कि दुनिया की अनेक सभ्यताएं समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन भारत की सांस्कृतिक चेतना को तलवार और मानसिक गुलामी भी मिटा नहीं सकी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, लोक परंपराओं ने पीढ़ी दर पीढ़ी देश की सांस्कृतिक आत्मा और आत्मसम्मान को बचाए रखा। हालांकि, आजादी के बाद कई लोककलाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों को अपेक्षित महत्व नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि किसी कला का लुप्त होना केवल एक विधा का खत्म होना नहीं है, बल्कि इससे समाज अपनी पहचान और इतिहास के महत्वपूर्ण हिस्से भी खो देता है।
एआई और डिजिटल तकनीक अपनाएं, लेकिन जड़ों से जुड़े रहें युवा
युवा कलाकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया तेजी से तकनीकी बदलाव के दौर से गुजर रही है। ऐसे में युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म, आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करना चाहिए। नए प्रयोगों के माध्यम से अपनी कला को देश-दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश करनी चाहिए।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिकता की दौड़ में अपनी मिट्टी की खुशबू, लोक धुनों, गुरु की सीख और सांस्कृतिक जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। तकनीक का उद्देश्य जीवन को आसान बनाना और रचनात्मकता को बढ़ाना है, न कि अपनी परंपराओं और सामाजिक संबंधों से दूरी बनाना।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रण का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए अपनी विरासत पर गर्व करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार काशी, अयोध्या, मथुरा और ब्रज क्षेत्र जैसे सांस्कृतिक केंद्रों को पुनर्स्थापित करने के लिए काम कर रही है। दीपोत्सव और देव दीपावली जैसे आयोजन भी भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिला रहे हैं।
संगीत नाटक अकादमी के रिक्त पद जल्द भरने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संगीत नाटक अकादमी में कलाकारों की ओर से प्रस्तुत लुप्तप्राय पारंपरिक वाद्ययंत्रों के कार्यक्रम की सराहना की। विचित्र वीणा, सारंगी और पखावज जैसे वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियों को देखकर उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने वाले कलाकारों के प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को निर्देश दिया कि संगीत नाटक अकादमी में मानव संसाधन की कमी को तत्काल दूर किया जाए। इसके लिए बोर्ड या समिति गठित कर चयन प्रक्रिया पूरी करने को कहा। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर नियुक्ति के लिए आयु सीमा में छूट देने पर विचार किया जाए, लेकिन अकादमी के पद लंबे समय तक खाली नहीं रहने चाहिए।
शिव के डमरू और कृष्ण की बांसुरी से जुड़ी भारतीय संगीत परंपरा
भारतीय संगीत की परंपरा और उसके आध्यात्मिक महत्व पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यहां संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि ईश्वर की आराधना का भी रास्ता है। उन्होंने भगवान शिव के डमरू से निकले माहेश्वर सूत्र, योगेश्वर श्रीकृष्ण की बांसुरी और मां सरस्वती की वीणा का उल्लेख करते हुए भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के योगदान को याद किया। इसके साथ ही पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर जैसी महान हस्तियों को नमन किया। उन्होंने ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा जैसी लोक विधाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परंपराओं के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा आज भी आगे बढ़ रही है।
अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए अकादमी की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अकादमी की स्थापना 13 नवंबर 1963 को हुई थी। तब से यह संस्था संगीत, नृत्य, नाटक और लोककलाओं के संरक्षण तथा प्रचार-प्रसार के लिए काम कर रही है।
उन्होंने अकादमी और कथक केंद्र के कर्मचारियों की सुविधाएं बेहतर बनाने तथा रिक्त पदों को भरने की आवश्यकता भी उठाई। प्रोफेसर खोत ने बताया कि अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री और राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया है। इस फैसले से प्रदेश के कलाकारों में उत्साह है।
प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ। इसके बाद संगीत नाटक अकादमी की 63 वर्षों की यात्रा पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में प्रतियोगिता के विजेताओं ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। शिवांश सिंह ने विचित्र वीणा, अंशुल तुकवार ने सारंगी, सोहम मिश्र ने तबला, वैभव रामदास ने पखावज और अथर्व प्रताप सिंह ने बांसुरी पर प्रस्तुति दी। अकादमी अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह और अपर मुख्य सचिव संस्कृति अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कई कला और संस्कृति से जुड़ी हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन सहित कला एवं संस्कृति जगत से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।
‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ की पहल के जरिए प्रदेश की अलग-अलग लोककलाओं को पहचान दिलाने, कलाकारों को मंच देने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर सरकार का जोर रहेगा।
written by Siddhi Srivastava



