UP News : योगी आदित्यनाथ की बड़ी अपील : मंत्रियों को सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन उपयोग, वाहन फ्लीट 50% घटाने के निर्देश

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों को सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन उपयोग करने, वाहन फ्लीट 50% कम करने और ऊर्जा संरक्षण अपनाने के निर्देश दिए। 

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश मंत्रिमंडल की विस्तारित बैठक में ऊर्जा संरक्षण, मितव्ययिता और डिजिटल कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने मंत्रियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन – जैसे मेट्रो, बस, ई-रिक्शा या कारपूलिंग का उपयोग करने की अपील की, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए।

मुख्यमंत्री ने मंत्रियों की सरकारी वाहन फ्लीट को 50 प्रतिशत तक कम करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने प्रधानमंत्री के पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल को उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अगले छह माह तक मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को अनिवार्य परिस्थितियों को छोड़कर विदेश यात्राओं से परहेज करने के निर्देश दिए। साथ ही शासन में डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग, हाइब्रिड बैठकों और ‘वर्क फ्रॉम होम’ को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कार्यालयों में एयरकंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाए तथा ऊर्जा की बचत के लिए प्राकृतिक प्रकाश का अधिक उपयोग किया जाए। उन्होंने सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों और स्वच्छ परिवहन प्रणाली को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

इसके अलावा, एलपीजी के स्थान पर पीएनजी कनेक्शन को प्राथमिकता देने, ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने, ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा वर्षा जल संरक्षण को जनांदोलन बनाने की अपील भी की गई।

मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को जनप्रतिनिधि के रूप में आचरण और कार्यशैली में अनुशासन, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

Show More

Related Articles

Back to top button