Karnataka Election 2023: कर्नाटक में हम पूरी तरह एकजुट, कांग्रेस ने भाजपा को बताया डूबता जहाज

नई दिल्ली। कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि कर्नाटक में उसके सभी नेता एकजुट हैं और प्रदेश की ‘40 प्रतिशत कमीशन’ वाली सरकार को सत्ता से हटाने के लिए लड़ रहे हैं, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी अब राज्य में ‘डूबता जहाज’ है, जिसे अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी नहीं बचा सकते। मुख्य विपक्षी दल ने यह बयान उस वक्त दिया है, जब उसके वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया द्वारा मुख्यमंत्री पद पर कथित तौर पर अपना दावा पेश करने से जुड़ी खबर आई थी।

पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला और खुद सिद्धरमैया ने कहा कि एक टेलीविजन चैनल ने पूर्व मुख्यमंत्री की बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद पार्टी के कर्नाटक प्रभारी सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कर्नाटक में भाजपा के विधायक और नेता पार्टी छोड़ रहे हैं….भाजपा डूबता जहाज है। इसे न तो प्रधानमंत्री और न ही बोम्मई सरकार बचा सकती है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। भाजपा में अफरा-तफरी मच गई है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई का सम्मान नहीं हो रहा है, येदियुरप्पा का रोजाना अपमान हो रहा है।’’ सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा घबराई हुई है, इसलिए मनगढ़ंत खबरें प्रसारित करने और बातों को तोड़ने-मरोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम पद और सत्ता के लिए नहीं लड़ रहे हैं। आकांक्षा रखना राजनीति में अच्छी बात है। लेकिन हमारी सबसे पहली आकांक्षा यह है कि दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाई जाए… कांग्रेस में सभी लोग एकजुट होकर भाजपा की भ्रष्ट सरकार को हटाने के लिए लड़ रहे हैं।’’

सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘एक साक्षात्कार में की गई मेरी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। मैंने यह कहा था कि मुख्यमंत्री पद की आकांक्षा रखने में कुछ गलत नहीं है, लेकिन आखिर में नवनिर्वाचित विधायक राय देंगे और आलाकमान नेता तय करेगा। मेरी इस बात को गलत ढंग से प्रस्तुत कर दिया गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में भाजपा के खिलाफ और कांग्रेस के पक्ष में लहर है। राज्य में 40 प्रतिशत कमीशन सरकार है, जिसे जनता हटाना चाहती है।’’

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमारा मकसद सिर्फ भाजपा की भ्रष्ट सरकार को हटाना है। हम सब मिलकर यह करेंगे।’’ कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों की दूसरी सूची को मंजूरी दी गई। उम्मीदवारों की दूसरी सूची जल्द जारी की जाएगी। कांग्रेस ने पिछले दिनों 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीट के लिए 10 मई को मतदान होगा और 13 मई को मतगणना होगी।

Show More

Related Articles

Back to top button