
Unnao News:गंगाघाट थाना क्षेत्र के समीप पूर्व में स्थापित भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को दोबारा उसी स्थान पर स्थापित कराने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
नागरिकों का कहना है कि गंगाघाट थाने के समीप डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा लंबे समय से स्थापित थी। यह प्रतिमा क्षेत्र के लोगों के लिए सम्मान, समानता और प्रेरणा का प्रतीक रही है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्रतिमा को प्रशासन की ओर से हटाया गया था। उस समय सड़क निर्माण पूरा होने के बाद प्रतिमा को पुनः उसी स्थान पर स्थापित कराने का आश्वासन दिया गया था।
12 वर्ष बाद भी नहीं हुई पुनर्स्थापना
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा हुए करीब 12 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक प्रतिमा को दोबारा स्थापित नहीं कराया गया। इससे स्थानीय नागरिकों और बाबा साहब के अनुयायियों में नाराजगी और असंतोष है।
नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गंगाघाट थाने के समीप पूर्व स्थल का निरीक्षण कराकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को जल्द से जल्द पुनः स्थापित कराया जाए। उनका कहना है कि प्रतिमा की पुनर्स्थापना से लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान भी होगा।
शीघ्र कार्रवाई की मांग
ज्ञापन पर स्थानीय नागरिकों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र देने वालों में एडवोकेट अर्पित गौतम, अभिषेक गौतम, सर्वेश, सोनी, अभिषेक रावत, अनिल, रंजीत समेत अन्य लोग शामिल रहे।
Read Also:Mau News: घोसी में गरुड़ पुराण कथा का आयोजन, कर्म और धर्म का संदेश सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु



