
Unnao News:सीतापुर में 15 से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली मंडलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उन्नाव जनपद के 77 छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इन खिलाड़ियों ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मंडलीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों के साथ 15 ऑफिशियल्स का दल भी जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त ने किट वितरित कर प्रोत्साहित किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा सचिव नवीन सिन्हा, संयोजक एवं प्रधानाचार्य हृदय राम वर्मा, प्रधानाचार्य परमात्मा शरण, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य किरण भारती तथा अटल बिहारी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजब सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बेसिक शिक्षा विभाग से औरास एवं हसनगंज ब्लॉक के नवाबगंज जोन के चार खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से डॉ. प्रदीप वर्मा, ज्योति देवी और ब्रजेश सागर की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, माध्यमिक शिक्षा विभाग से वीरेंद्र सिंह, कुलदीप, सुधाकर, अब्दुल सत्तार, सुभाष और समीर भी उन्नाव की टीम के साथ रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त ने घोषणा की कि मंडलीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को उनकी ओर से ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।



