अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्षा एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने रविवार को सरदार पटेल संस्थान प्रयागराज में आयोजित विजय संकल्प रैली के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से लड़ी जाने वाली सभी सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य है। इसी क साथ उन्होंने कहा कि महज सीट जीत विधायक सांसद बनाना ही नहीं, बल्कि पार्टी के संस्थापक डॉ.सोनेलाल पटेल के आदर्शों पर चल लोगों को सामाजिक न्याय दिलाना है। इसी के साथ कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ता 100 प्रतिशत जीत का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरें। प्रयागराज में उमड़ी भीड़ को उन्होंने अद्भुत, अविस्मरणीय और अकल्पनीय बताते हुए समर्थकों का आभार जताया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। रैली संबोधन से पूर्व कई पदाधिकारियों ने अनुप्रिया पटेल को चाँदी का मुकुट पहना उनका सम्मान किया। इसी के साथ कई पदाधिकारियों ने उन्हें गदा और तलवार भी भेंट किया। रैली में हजारों की संख्या में समर्थक पहुंचे। लगाए अनुप्रिया पटेल जिंदाबाद और सोने लाल पटेल जिंंदाबाद के नारे।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रयागराज और प्रतापगढ़ की धरती ने अपना दल के संघर्ष को मजबूती दी है। पार्टी की शुरुआत 1995 में डॉ. सोनेलाल पटेल के नेतृत्व में हुई थी। कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण से पार्टी लगातार आगे बढ़ी। 2002 में चार विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचे, 2012 में एक विधायक, 2017 में नौ और 2022 में 13 विधायक चुने गए। 2014 में पार्टी ने दो सांसदों के साथ लोकसभा में भी प्रवेश किया। आज अपना दल प्रदेश की तीसरी बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित है। इस दौरान उन्होंंने भाजपा को अपना दल एस का बड़ा भाई बताया और मुख्यमंत्री के चेहरे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा बड़ा भाई है, आने वाले चुनावों में अपना दल एस एनडीए गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी और मुख्यमंत्री का चेहरा भाजपा की ओर से होगा। इसी के साथ उन्होंने योगी को मुख्यमंत्री का चेहरा बताया।

जातिगत जनगणना का समर्थन करेंगी
उन्होंने कहा कि पार्टी सत्ता और विपक्ष दोनों में सामाजिक न्याय, पिछड़ों, दलितों, वंचितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। जातिगत जनगणना की मांग लगातार सदन, सड़क और पार्टी मंचों पर उठाई गई। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार का जातिगत जनगणना कराने का फैसला पार्टी की मांगों की सफलता का उदाहरण है। अनुप्रिया पटेल ने मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में ओबीसी आरक्षण लागू कराने और आउटसोर्सिंग भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी पार्टी की उपलब्धियों के रूप में गिनाया। उन्होंने पिछड़ा वर्ग कल्याण के लिए अलग मंत्रालय बनाने और ओबीसी क्रीमीलेयर की आय सीमा आठ लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने की मांग दोहराई। 2027 के चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने, हर घर और हर बूथ तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने की अपील की। कहा कि 2017 में 11 सीटों पर चुनाव लड़कर नौ और 2022 में 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 13 सीटें जीती थीं। अब लक्ष्य सभी सीटों पर जीत हासिल करना है। प्रयागराज में भी पार्टी अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी मजबूत करेगी।

सपा के घोषणपत्र को बताया चुनावी लॉलीपाप
सांकेतिक भाषा में सपा पर तंज कसते हुए कहा अभी कुछ दिन पहले ही एक पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी कर लोगों को लुभाने का प्रयास किया है। इसमें वो बातें जरूर पिछड़ा, अल्प संख्यों और शोषितों को न्याय दिलाने की बात कर रहें है। मगर, यह सब उनके द्वारा जनता को लुभाने के लिए लॉलीपॉप दिया जा रहा है। इससे पूर्व भी कई सत्ता में रहीं मगर कोई काम नहीं किया। चुनावी माहौल में जुमलों की भरमार कर दी जाती है, जिससे की जनता इनके पक्ष हो इन्हें एक बार फिर विजयी बनाए। मगर, जनता से अपील करते हुए कहा कि ऐसे जुमलेबाजों की बातों पर ध्यान न दे। चुनाव जीतते ही इनके तेवर बदल जाएंगे और एक बार फिर से बेटि, बहुओं घर की चार दिवारी में कैछ रहना पड़ेगा। अनुप्रिया पटेल ने परिसीमन का समर्थन करते हुए कहा कि परीसिमन के उपरांत विधानसभा और लोकसभा में सीटें बढ़ जाएंगी। इन बढ़ी हुई सीटों में से 33 प्रतिशित सीटें महिलाओं के लिए आरिक्षित कर दी जाएंगी।
रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी



