कटरा रामलीला कमेटी में मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा बुंदेलखंड का अखाड़ा

The Bundelkhand Akhada will be the main attraction at the Katra Ramlila Committee

श्री कटरा रामलीला कमेटी की ओर से आगामी विजयदशमी महोत्सव एवं रामलीला मंचन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार रामलीला का मंचन ‘गाथा राम की थीम पर किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निर्देशक अतुल यदुवंशी के निर्देशन में होने वाली रामलीला में धार्मिक प्रसंगों के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों की लोक कला और पारंपरिक प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रामलीला की सबसे खास प्रस्तुतियों में मध्य प्रदेश के सागर से आने वाला बुंदेलखंड छत्रसाल अखाड़ा शामिल है। अखाड़े के कलाकार मार्शल आर्ट आधारित अखाड़ा नृत्य की प्रस्तुति देंगे। पारंपरिक शौर्य और कलात्मक प्रदर्शन का यह संयोजन रामलीला मंचन को विशेष रूप देगा। इसके अलावा सागर, मध्य प्रदेश के श्री कृष्ण लोक संस्कृति विकास संस्थान की ओर से दलनायक राजकुमार रैकवार के नेतृत्व में बधाई लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं झारखंड के रांची से नवयुवक संस्थान के कलाकार छऊ नृत्य की प्रस्तुति देंगे। इसका नेतृत्व दलनायक सृष्टिधर महतो करेंगे। तीनों प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों को बुंदेलखंड और झारखंड की लोक परंपराओं तथा सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम पुस्तिका का हुआ विमोचन
कार्यक्रम पुस्तिका के विमोचन के अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता और महामंत्री उमेश चन्द्र केसरवानी ने बताया कि रामलीला एवं दशहरा उत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कोषाध्यक्ष अश्वनी केसरवानी ने बताया कि कार्यक्रम पुस्तिका में रामलीला मंचन की तिथियां, समय, प्रमुख सवारियों के मार्ग और दशहरा महोत्सव से जुड़ी आवश्यक जानकारियां शामिल की गई हैं। इससे श्रद्धालुओं को आयोजन से संबंधित सूचनाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। कार्यक्रम पुस्तिका के विमोचन में अध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता, महामंत्री उमेश चन्द्र केसरवानी, कोषाध्यक्ष अश्वनी केसरवानी, उपाध्यक्ष विनोद चन्द्र केसरवानी, आनंद अग्रवाल व मयंक अग्रवाल, मंत्री शिव बाबू गुप्ता, महेश चन्द्र गुप्ता व विपुल मित्तल, कार्यकारिणी सदस्य दिलीप चौरसिया तथा मीडिया प्रभारी पवन प्रजापति सहित कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। कमेटी ने नगरवासियों से रामलीला मंचन एवं दशहरा महोत्सव में परिवार सहित शामिल होकर आयोजन का आनंद लेने की अपील की है।

रिपोर्ट:आकाश त्रिपाठी

Show More

Related Articles

Back to top button