
Sports-Cricket- नीदरलैंड ने जून-जुलाई में इंग्लैंड में होने वाले अपने पहले महिला टी-20 विश्व कप के लिए टीम की घोषणा कर दी है। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में बाबेट डी लिडे टीम की कप्तानी करेंगी।
बाबेट डी लिडे अपने परिवार की विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। उनके चाचा टिम डी लिडे और चचेरे भाई बास डी लिडे पुरुष विश्व कप में नीदरलैंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
कप्तान बाबेट डी लिडे ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “हम अपने पहले आईसीसी टी20 विश्व कप को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह दुनिया की बेहतरीन टीमों के खिलाफ खेलने और बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर है। हम उम्मीद करते हैं कि हम अपने देश को गर्व महसूस कराएंगे और नीदरलैंड में युवा लड़कियों को प्रेरित करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “टूर्नामेंट हमारे घर के करीब इंग्लैंड में हो रहा है, इसलिए हमें बड़ी संख्या में समर्थकों का समर्थन मिलने की उम्मीद है। यह हमारे लिए ही नहीं, बल्कि हमारे परिवार और दोस्तों के लिए भी जीवनभर का अनुभव होगा।”
नीदरलैंड टीम
बाबेट डी लिडे (कप्तान), कैरोलिन डी लैंगे, फ्रेडरिक ओवरडाइक, हन्नाह लैंडहीयर, हीदर सीगर्स, आइरिस ज्विलिंग, इसाबेल वान डेर वोनिंग, लारा लीमहुइस, मिर्थे वान डेन राड, फीबे मोल्केनबोअर, रोबिन राइके, रोजाली लॉरेंस, सान्या खुराना, सिल्वर सीगर्स, स्टेरे कैलिस।



