
Sonbhadra DM SP Save Accident Victim: सोनभद्र में जिला प्रशासन का मानवीय चेहरा उस समय देखने को मिला, जब दुद्धी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने जा रहे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की जान बचाने के लिए अपना काफिला रुकवा दिया। दोनों अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा दुद्धी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान स्टेट हाईवे-5A हाथीनाला-नारायणपुर मार्ग पर गुरमुरा के पास सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल अवस्था में दिखाई दिया।
घायल को देखते ही दोनों अधिकारियों ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया, उसका हालचाल जाना और बिना समय गंवाए अपने स्कॉर्ट वाहन से नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर उपचार की व्यवस्था कराई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल को सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं और इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते घायल व्यक्ति को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय व्यवहार की सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर लिया गया यह निर्णय घायल की जान बचाने में अहम साबित हुआ। अधिकारियों की यह पहल प्रशासन के मानवीय और जिम्मेदार चेहरे की एक सकारात्मक मिसाल बनकर सामने आई है।
रिपोर्ट: रवि पाण्डेय, सोनभद्र।



